द फॉलोअप डेस्क
बड़कागांव प्रखंड के पिपराडीह गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कूमरडीहा गांव के एक पुराने कुएं से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने देखा कि उसमें युवक दिनेश प्रजापति का शव तैर रहा था। बीते 72 घंटे से लापता दिनेश के शव की पहचान होते ही गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
दिनेश प्रजापति (25) नयाटांड़ पंचायत के पिपरवाडीह गांव का निवासी था और हाल ही में आपसी लेन-देन को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। युवक के गायब होने के बाद परिजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन गुरुवार को उसका शव कुएं में तैरता हुआ पाया गया, जिससे मामला और भी तनावपूर्ण हो गया।
शव की शिनाख्त होते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने कथित आरोपी के घर पर धावा बोल दिया। भीड़ ने आरोपित के घर में आग लगा दी और वहां मौजूद एक व्यक्ति को पीट-पीट कर मार डाला। मृतक की पहचान कथित आरोपी के पिता के रूप में हुई है। इस दौरान घर में मौजूद दो युवक किसी तरह मौके से फरार हो गए।

भीड़ ने एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया। भारी संख्या में सुरक्षा बल, दंडाधिकारी और अग्निशमन दल मौके पर तैनात किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने एसपी और डीसी की उपस्थिति में स्थिति का जायजा लिया है और शांति बनाए रखने की अपील की है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना में मारे गए व्यक्ति की पहचान भी कर ली गई है और पुलिस द्वारा कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।
