logo

गोड्डा : प्रसव के दौरान मीरा मालतो की मौत मामले में क्लीनिक सील, FIR दर्ज; मिलेगा मुआवजा!

a862.jpg

गोड्डा:

आदिम पहाड़िया जनजाति की महिला मीरा मालतो की प्रसव के दौरान मौत मामले में गोड्डा जिला प्रशासन ने त्वरित और सख्त एक्शन लिया है। क्लीनिक सील कर दिया गया है और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है। गौरतलब है कि 6 मई कुसुमघाटी की रहने वाली 27 वर्षीय मीरा मालतो की सुंदरपहाड़ी प्रखंड अंतर्गत सारेय टोला, केड़ो (बांसजोरी जागीर) स्थित सन लाइफ हेल्थ केयर में प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। शिकायत मिलते ही गोड्डा उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने मामले में त्वरित संज्ञान लिया और जांच का निर्देश दिया। 

सन लाइफ हेल्थ केयर क्लीनिक सील
उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया है कि सनलाइफ हेल्थ केयर नाम के संस्थान की कार्यप्रणाली, चिकित्सा व्यवस्था, संसाधन और उपलब्ध आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा की विस्तृत जांच की जाए। इस मामले में सुंदरपहाड़ी सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा संबंधित संस्थान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। क्लीनिक को  भी सील कर दिया गया है। 

पीड़ित परिवार को मिलेगी आर्थिक सहायता
उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि पीड़ित परिवार को सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पारिवारिक लाभ दिया जाए। बीआरीजोर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि गोड्डा जिला में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पताल, क्लीनिक,  नर्सिंग होम, डायग्नोस्टिक सेंटर और अल्ट्रासाउंड सेंटर की सघन जांच की जाए। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की चिकित्सीय लापरवाही मिलती है अथवा नियमों  के उल्लंघन का मामला आता है तो अविलंब कार्रवाई कीजिए। 

जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि इस केस में पूरी पादर्शिता बरती जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। 
 

Tags - Godda NewsPregnant Women DiedTrible Women Died During DeliveryGodda DC