द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के कलेक्ट्रेट कार्यालय में डीसी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मोंथा चक्रवात के दौरान जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आश्रय गृहों को चिन्हित करने, अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, और जर्जर सरकारी भवनों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई।
डीसी कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि मौसम विभाग के अनुसार मोंथा चक्रवात अगले 2-3 दिनों में जिले में प्रवेश कर सकता है, जिसके कारण तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना है। ऐसे में सभी नगर निकाय, प्रखंड और अंचल के क्षेत्रीय पदाधिकारी पूरी तरह सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा संबंधी सभी कदमों की तैयारी रखें और किसी भी कीमत पर जानमाल का नुकसान नहीं होने दें।
डीसी ने आंगनबाड़ी केंद्र और स्कूलों को चिन्हित करने के निर्देश दिए जिनकी छत जर्जर स्थिति में हो। जर्जर सरकारी भवनों को सील करने का आदेश भी दिया गया। आवश्यकतानुसार आश्रय गृहों को चिन्हित करने और फूड सप्लायर्स को स्टैंडबाई रखने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि तेज हवा या बारिश के कारण यदि किसी नागरिक के घर को नुकसान होता है या फसलों की बर्बादी होती है, तो उसका उचित दस्तावेजीकरण कर तत्काल रिपोर्ट किया जाए, ताकि समय पर मुआवजा दिलाया जा सके।
डीसी ने नागरिकों को जागरूक करने के लिए सोशल मीडिया, माइकिंग और अन्य उचित माध्यमों का उपयोग करने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों में दवाओं की उपलब्धता जांचने, तथा अतिरिक्त एंबुलेंस को ऑन-कॉल रखने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि किसी भी नागरिक को समय पर इलाज में कोई कठिनाई नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में एमसीसी प्रभावी है और पूरे जिले में राजनीतिक गतिविधियां नियंत्रित हैं। यदि कोई राजनीतिक दल या कार्यकर्ता प्राकृतिक आपदा में नागरिकों की मदद करना चाहते हैं, तो उन्हें सुझाव दिया जाए कि सभी सहायता जिला प्रशासन के माध्यम से ही लोगों तक पहुंचाई जाए।
डीसी ने कहा कि अप्रिय परिस्थितियों में तुरंत प्रतिक्रिया दी जाए। पेड़, जर्जर बिजली पोल या झूलते तार की मरम्मत करवाई जाए। सभी प्रखंडों में स्थानीय स्तर पर कमांड सेंटर स्थापित किए जाएं, और गोताखोर, रस्सी, लाइफ जैकेट तथा अन्य सुरक्षा उपकरण सुनिश्चित किए जाएं। बैठक में डीडीसी नागेन्द्र पासवान, रूरल एसपी ऋषभ गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, डीईओ, डीएसई, भवन और विद्युत विभाग के अभियंता, सिविल डिफेंस के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारी ऑनलाइन जुड़े।
