द फॉलोअप डेस्क
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती राज्य भर में पूरे उत्साह के साथ मनाई जा रही है। हजारीबाग में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन विनोबा भावे विश्वविद्यालय परिसर के विवेकानंद सभागार में किया गया। हजारीबाग उपयुक्त शशि प्रकाश सिंह सहित जिले भर के सभी वरिष्ठ अधिकारी और आम जनता इस कार्यक्रम में शामिल हुई। सभी ने उलगुलान के महानायक भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी।
राज्य गठन का 25वां वर्षगांठ भी इसी दिन पूरी हुई। भगवान बिरसा मुंडा के जन्मोत्सव के दिन ही इस राज्य की आधारशिला रखी गई थी। पिछले पांच दिनों से हजारीबाग में उत्साह और उमंग के साथ रजत जयंती पर्व मनाया जा रहा था। शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के साथ ही यह पर्व का समापन हुआ।
विनोबा भावे विश्वविद्यालय परिसर के विवेकानंद सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ अधिकारी, आम जनता और स्कूल के बच्चे शामिल हुए। सभी की आंखों में यह विश्वास था कि आने वाला वर्ष राज्य के लिए विकास और तरक्की वाला होगा। कार्यक्रम में लोगों ने राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अभिभाषण का सीधा प्रसारण देखा।
हजारीबाग के आयुक्त पवन कुमार पोद्दार भी कार्यक्रम में उपस्थित हुए। उन्होंने सभी झारखंड वासियों को राज्य स्थापना की शुभकामनाएं दी और कहा कि राज्य सरकार ने कई योजनाओं को धरातल पर लागू किया है, जिससे आम लोगों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने सभी से अपील की कि एकजुट होकर राज्य के विकास के लिए कार्य करें।
हजारीबाग के उपायुक्त ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के साथ ही आम जनता का विकास सुनिश्चित होता है। सरकार की ओर से कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं और उनका लाभ उठाना हर नागरिक का दायित्व है। विवेकानंद सभागार में कार्यक्रम के दौरान रांची से राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्रामीण कार्यक्रमों में भी लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो झारखंड की एकता और विविधता को दर्शाता है।
