द पॉलोअप डेस्क
पालकोट प्रखंड से आई दर्जनों ग्रामीण महिलाओं ने आज समाहरणालय परिसर में अपने क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं का कहना है कि उनके इलाके में वर्षों से सड़क का निर्माण नहीं हुआ है, जिससे क्षेत्र विकास की दौड़ में पीछे छूट गया है।
ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि सड़क नहीं होने के कारण न तो बच्चों की पढ़ाई-लिखाई ठीक से हो पा रही है, न ही स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर पहुंच पाती हैं। कई बार बीमार लोगों को खाट पर उठाकर अस्पताल ले जाना पड़ता है, जो एक बड़ी समस्या बन चुकी है। ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि सड़क की कमी के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामकाज में कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। महिलाओं ने बताया कि वे इस मुद्दे को लेकर कई बार प्रशासन को आवेदन दे चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे वे पूरी तरह निराश हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि सड़क नहीं होने के कारण पलायन की समस्या भी लगातार बढ़ रही है। अगर जिला प्रशासन द्वारा शीघ्र सड़क निर्माण कराया जाए, तो न केवल उनका जीवन सामान्य हो सकेगा, बल्कि विकास की मुख्यधारा से भी उनका इलाका जुड़ पाएगा।
