logo

मिलन समारोह में दर्जनों युवाओं ने आजसू पार्टी का दामन थामा

susu.jpg

द फॉलोअप डेस्क

आजसू पार्टी द्वारा आज मिलन समारोह का आयोजन किया गया। रांची के विभिन्न वार्डों से दर्जनों युवाओं ने शुभम भारद्वाज के नेतृत्व में पार्टी का दामन थामा। केंद्रीय कार्यालय, हरमू, रांची में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री सह आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो एवं देवशरण भगत ने उनका स्वागत किया और पार्टी की सदस्यता दिलाई। गोपाल राय, अविनाश भारद्वाज, संजय वर्मा, मोहम्मद दानिश, सुमित कश्यप, सुमित राय, मोहमद सलीम समेत दर्जनों लोग पार्टी से जुड़े।

इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि वर्ल्ड इकोनोमिक फोरम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भाग ले रहे हैं, लेकिन राज्य की जनता, निवेशकों और व्यवसायी वर्ग को उससे बहुत ज्यादा आशा नहीं है। दो हफ्ते पहले जमशेदपुर से अपहृत युवा व्यवसायी कैरव गांधी का पता पुलिस नहीं लगा पा रही है। व्यवसायियों को रोज गैंगस्टर धमकी दे रहे हैं। आज भी एक व्यवसायी सुशांत गुप्ता से दो करोड़ की रंगदारी मांगे जाने की खबर आई है।

पार्टी कार्यालय में मिलन समारोह के बाद मीडिया से बात करते हुए महतो ने कहा कि कानून–व्यवस्था की स्थिति ठीक किए बिना निवेशकों आने की आशा बेमानी है। असुरक्षा के माहौल में कौन निवेश करेगा? उन्होंने कहा कि राज्य के वर्तमान हालात ठीक नहीं हैं। हत्या, रंगदारी और अपहरण राज्य की पहचान बन चुकी है। महतो ने कहा कि हाल में ही पड़हा राजा सोमा मुंडा एवं अनिल टाइगर की हत्या जमीन माफिया ने कर दी। राज्य में कई वर्षों से लगातार सैकड़ों बच्चों का अपहरण हो रहा था, लेकिन राजू सरकार तथा प्रशासन सोया था।

मौके पर पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव सह जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, वीणा देवी, डॉ पार्थ पारितोष, अनुसूचित जनजाति महानगर प्रभारी निर्मल उरांव, छात्र संघ के के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, ऋतुराज शाहदेव, प्रताप सिंह आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

 

 

 

Tags - AJSU Party Sudesh Mahto get-together foreign tour CM investment