logo

राष्ट्रपति चुनाव : द्रौपदी मुर्मू ने समर्थन देने के लिए शिबू सोरेन को जताया आभार, फोन करके शुक्रिया अदा किया

a2111.jpg

डेस्क: 

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने गुरुवार की देर शाम राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान किया। मिली जानकारी के मुताबिक झामुमो द्वारा समर्थन का ऐलान किये जाने के बाद गुरुवार की देर रात एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन को फोन किया और धन्यवाद दिया। झामुमो के वरिष्ठ नेता विनोद कुमार पांडेय ने इसकी जानकारी दी। उन्हंने कहा कि राजग की राषट््रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन से फोन पर बात की और झामुमो द्वारा उन्हें समर्थन दिए जाने पर आभार व्यक्त किया। ये सुखद खबर है। 

झारखंड में यूपीए गठबंधन का हिस्सा है झामुमो
गौरतलब है कि झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाई है। उम्मीद के विपरित झारखंड मुक्ति मोर्चा ने यूपीए उम्मीदवार यशवंत सिन्हा की बजाय एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का फैसला किया है। हालांकि, इसकी संभावना पहले से ही जताई जा रही थी क्योंकि द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। वो आदिवासी समाज से आती हैं। जिस संताल आदिवासी समाज से सोरेन परिवार आता है, द्रौपदी मुर्मू भी उसी संताल समाज से आती हैं।

संताल परगना में संताल आदिवासी बहुसंख्या में हैं और झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थायी वोटर हैं। 

गुरुवार की देर शाम किया था समर्थन का ऐलान
गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के सुप्रीमो शिबू सोरेन ने एक पत्र जारी किया जिसमें पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों को एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करने का निर्दश दिया गया है।

झामुमो का कहना है कि द्रौपदी मुर्मू देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति बनने जा रही हैं। झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल उल्लेखनीय रहा है। सम्यक विचारोपरांत पार्टी ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का फैसला किया है।