द फॉलोअप डेस्क
दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ कथित प्रेम संबंध के शक में अपने ही दोस्त की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि घायल युवक को इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

दोस्त के घर रुका था युवक, सोते समय किया गया हमला
जानकारी के अनुसार, मृतक शुक्रवार को अपने दोस्त के घर गया था और रात में वहीं रुका था। आरोप है कि शनिवार दिन में जब वह खाट पर सो रहा था, तभी उसके दोस्त ने कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन और ग्रामीण तत्काल फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने भी आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या उसके दोस्त ने ही की है।

पत्नी से नजदीकी संबंध की चर्चा
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी की पत्नी और मृतक के बीच कथित प्रेम संबंध थे। आशंका जताई जा रही है कि शुक्रवार रात जब मृतक आरोपी के घर ठहरा था, तब आरोपी ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिसके बाद गुस्से में उसने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस ने अभी इस कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मसलिया थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में मृतक और आरोपी की पत्नी के बीच नजदीकी संबंध होने की बात सामने आई है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस के अनुसार, मृतक के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और पॉक्सो एक्ट के मामलों में दो बार जेल जाने का रिकॉर्ड भी रहा है।