logo

प्रेमिका ने पुलिस के सामने प्रेमी को जड़ा थप्पड़, युवक बेहोश होकर गिरा

तदनाीे.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दुमका नगर थाना परिसर में सोमवार को प्रेम प्रसंग के विवाद के दौरान हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पुलिस की मौजूदगी में एक युवती ने अपने प्रेमी की कनपटी पर जोरदार थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ लगते ही युवक थाना परिसर में ही जमीन पर गिर पड़ा और कुछ देर तक छटपटाने के बाद बेहोश हो गया। घटना से थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल युवक को जीप से फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।


पढ़ाई के दौरान हुई थी दोनों की मुलाकात
जानकारी के अनुसार, पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के तलवा गांव निवासी अशोक मुर्मू दुमका के एसपी कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हॉस्टल में रहता था। इसी दौरान उसकी पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र की एक युवती से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। बताया जाता है कि दोनों लंबे समय तक साथ भी रहे। बाद में युवती ने शादी का दबाव बनाया, लेकिन युवक ने खुद को बेरोजगार बताते हुए शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने युवती से दूरी बना ली और काम करने के लिए तमिलनाडु चला गया।


शिकायत के बाद दोनों पक्षों को बुलाया गया था थाना
प्रेमी के व्यवहार से आहत युवती ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को सुलझाने के लिए युवक के परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद युवक को तमिलनाडु से वापस बुलाया गया। सोमवार को अशोक मुर्मू अपनी मां और मौसी के साथ थाना पहुंचा, जबकि दूसरी ओर युवती अपने परिजनों के साथ पहुंची। पुलिस दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास कर रही थी, लेकिन बातचीत के दौरान युवती को लगा कि युवक उसे लगातार नजरअंदाज कर रहा है और रिश्ते को गंभीरता से नहीं ले रहा। इसी दौरान गुस्से में आकर युवती ने युवक की कनपटी पर जोरदार थप्पड़ मार दिया।


थप्पड़ लगते ही बेहोश हुआ युवक
थप्पड़ लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा और कुछ देर तक छटपटाने के बाद बेहोश हो गया। यह देखकर थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बिना देर किए युवक को फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि दोनों पक्षों को समझौते के लिए थाना बुलाया गया था। बातचीत के दौरान हुई इस अप्रत्याशित घटना के बाद युवक को तुरंत अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उसकी हालत सामान्य है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Tags - Dumka Love Affair Police Jharkhand Viral