logo

डुमरी उपचुनाव : चंद्रपुरा की सभा में CM हेमंत बोले- उनका दिया लिफाफा ले लीजिये, मगर वोट बेबी देवी को ही दीजिये

Hemant_in_Dumri.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
डुमरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए पांच सितंबर को मतदान होना है। इसमें अपनी उम्मीदवार बेबी देवी की जीत सुनिश्चित करने के लिए झामुमो प्रचार-प्रसार में जुट गया है। आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बेबी देवी के समर्थन में प्रचार-प्रसार करने डुमरी विधानसभा क्षेत्र में आनेवाले बोकारो जिला के चंद्रपुरा पहुंचे। चंद्रपुरा स्थित तेलो में इसके लिए सभा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस सभा में भारी संख्या में मौजूद लोगों को संबोधित किया।


बेबी देवी जीतेंगी ही नहीं, बल्कि सबकी जमानत जब्त होगी
सभा को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा, “बेबी देवी मेरी भाभी मां के रूप में हैं। इस उपचुनाव में उम्मीदवार हैं। सभा में उमड़ा जनसैलाब यह साबित कर रहा है कि मंत्री बेबी देवी जीतेंगी ही नहीं, बल्कि सभी की जमानत जब्त हो जायेगी। हमलोग मान-सम्मान से कभी समझौता नहीं करेंगे। यहां के लोगों को मांगने से अधिकार नहीं मिला है। शिबू सोरेन जैसे शख्स ने पढ़ाई छोड़कर राज्य को बनाने में अपनी उम्र दे दी। अकेला इतना बड़ा वट वृक्ष है कि सवा तीन करोड़ लोगों को छांव देता है।”


2024 में डबल इंजन की सरकार बनाकर 1932 वाला कानून बनाने का काम पूरा करेंगे
हेमंत ने कहा, “ये लोग ईडी-सीबीआई का छापा मरवाकर दिग्भ्रमित करने का काम करते हैं। इसके बावजूद हमलोगों ने काम किया। डुमरी में विशेष काम किया। जगरनाथ महतो को आपने टाइगर बनाया। मैं तो कभी-कभी उनका जोश देखकर घड़बराता था। 1932 का जब बिल हमने पास किया, तब जगरनाथ दा ने गुरुजी के पास जाकर चादर देकर उनको सम्मानित किया। मिठाई खिलायी। ऐसा जोश था उनका। लेकिन, जो लोग आज प्रचार कर रहे हैं, उन्होंने स्थानीयता का आधार वर्ष 1985 बनाया था। 1932 हमने पास किया। यह आधा रास्ता पार कर चुका है। 2024 में जीतेंगे और डबल इंजन की सरकार बनाकर पूरा कानून बनायेंगे।”


ये लोग मेरी सरकार को गिराने की साजिश रच रहे हैं
राज्य की पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि 19 साल में इनलोगों ने राज्य का बंटाधार किया है। उसे पाटने में समय लग रहा है। मेरी सरकार बनते ही ये लोग सरकार गिराने की साजिश रच रहे हैं। ये लोग मेरे विधायकों को झूठे केस में फंसाकर उनकी सदस्यता छीनते हैं। 


ये बेईमान लोग चूल्हा प्रमुख बना रहे हैं, उसी चूल्हे में आपको मारना चाहते हैं ये लोग
हेमंत ने कहा कि आज गांव में अफसर घूम रहे हैं। आज किसी भी गांव में कोई बुजुर्ग, महिला बिना पेंशन के नहीं हैं। पहले पारा शिक्षक 12 महीना में 11 महीना धरना देते थे, आज वे 12 महीने में से 11 महीने स्कूल में पढ़ाते हैं। आज ये बेईमान लोग चूल्हा प्रमुख बनाता है। बिना राशन के चूल्हा प्रमुख बनने का क्या फायदा। चूल्हा प्रमुख बनाकर उसी चूल्हे में मारने की योजना है इन लोगों की। 

ये लोग सिर्फ हिंदू-मुस्लिम करते हैं, 500 का सिलिंडर 1200 का हो गया है
महंगाई, बेरोजगारी और नफरत के माहौल पर कटाक्ष करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा, “इन लोगों ने कितनी बार जेपीएससी और जेएसएससी की वैकेंसी निकाली। ये लोग सिर्फ हिन्दू-मुस्लिम करते हैं। इससे नौकरी, खाना मिलेगा क्या? ये लोग जहर भर रहे हैं। बाबा भीमराव अंबेडकर का संविधान बदलना चाहते हैं ये लोग। ये लोग ऐसा कानून ला रहे हैं, जिससे कोई आंदोलन नहीं कर पायेगा। 100 में 80 लोग सरकार के राशन से जिंदा हैं। 500 रुपये वाला रसोई गैस सिलिंडर आज 1200 रुपये का हो गया है। दूध, दही पर टैक्स है।” 

ED-CBI का इस्तेमाल कर मुझे रोकने का प्रयास हो रहा है
हेमंत ने कहा, “मैं प्रचार नहीं कर पाऊं, इसके लिए मुझे रोकने का प्रयास हो रहा है। ईडी-सीबीआई का इस्तेमाल किया जा रहा है। लेकिन, ऊपरवाला मेरे साथ है। 2019 से ये लोग प्रयास कर रहे हैं, आज 2023 है। 2024 भी आयेगा और हम दोबारा जीतकर सरकार बनायेंगे। बेबी देवी तो चूल्हा-चौकी कर रही थीं। आपके टाइगर के नहीं होने की वजह से बाहर निकली हैं। टाइगर के शावक अभी छोटे हैं। इसलिए यह शेरनी अपने बच्चों को छांव देने बाहर निकली है। मैंने बेबी देवी को मंत्री नहीं बनाया है, बल्कि जगरनाथ महतो को श्रद्धांजलि दी है। अब आपकी बारी है। 2024 में टाइगर का शावक बड़ा हो जायेगा। आपकी सेवा में जगरनाथ महतो की परछाई बनकर खड़ा रहेगा। चूल्हा प्रमुख के नाम पर मिलनेवाला लिफाफा ले लीजिये, लेकिन वोट बेबी देवी को ही दीजियेगा। इसी बहाने बेईमानी से भरा बोरा तो खाली हो।”

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N