logo

दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे ED के अधिकारी, सुरक्षा जांच के बाद गए अंदर

a1092.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

जमीन घोटाला केस में पूछताछ के लिए ईडी के अधिकारी तकरीबन आधा दर्जन गाड़ियों में सवार होकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। ईडी के अधिकारी दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। अधिकारियों को कड़ी सुरक्षा में रांची स्थित जोनल ऑफिस से मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचाया गया। सुरक्षाबल और पुलिस के जवान अपनी सुरक्षा घेरे में अधिकारियों को लेकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री आवास के मुख्य द्वार पर अधिकारियों की नोटिंग हुई। सबका आईडी कार्ड चेक किया गया। उनके नाम और पदनाम पूछे गए। सुरक्षा जांच के बाद ही अधिकारियों को अंदर जाने की इजाजत दी गई। 

ईडी ने सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की थी
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ से पहले ईडी ने राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी को चिट्ठी लिखकर पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की थी। झारखंड में पिछले कुछ दिनों से झामुमो कार्यकर्ताओं में आक्रोश और नाराजगी को देखते हुए अधिकारी अपनी सुरक्षा को लेकर आशंकित थे। दरअसल, पिछले दिनों टीएमसी नेता के घर छापेमारी करने पहुंची ईडी की टीम पर हमला हुआ था। अधिकारियों की गाड़ी पर पथराव हुआ था जिसमें कुछ लोग घायल हो गए थे। झारखँड में भी कुछ नेताओं के बयान और कार्यकर्ताओं के आक्रोश को देखकर ऐसी आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, शनिवार को झारखंड पुलिस ने अधिकारियों को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई। पूरी तरह से सुरक्षा घेरे में अधिकारियों को मुख्यमंत्री आवास पहुंचाया गया। 

8वें समन के बाद मुख्यमंत्री से हो रही है पूछताछ
जमीन घोटाला केस में 8वें समन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ हो रही है। इससे पहले अगस्त 2023 से लेकर जनवरी 2024 तक उनको 7 समन किया गया लेकिन मुख्यमंत्री हाजिर नहीं हुए। 7वें समन पर ही मुख्यमंत्री को यह विकल्प दिया गया था कि समय और दिन का चुनाव वह खुद करेंगे, अधिकारी वहीं पूछताछ के लिए आ जाएंगे। मुख्यमंत्री को 8वें समन पर भी विकल्प दिया कि 16-20 जनवरी के बीच वह पूछताछ के लिए स्थान और समय बताएं। तब मुख्यमंत्री ने 20 जनवरी को बुलाया।