logo

ED Raid Jamshedpur : 750 करोड़ के GST घोटाले में ज्ञानचंद जायसवाल के ठिकानों पर ईडी का छापा

750 करोड़ के GST घोटाले में ज्ञानचंद जायसवाल के ठिकानों पर ईडी का छापा

जमशेदपुर: 
Jamsedpur News: करीब 750 करोड़ रुपये के कथित जीएसटी (GST) घोटाले से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह जमशेदपुर में स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल के कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। बिष्टुपुर के एन रोड स्थित बीएस टावर में उनके कार्यालय में सुबह करीब 6:30 बजे ईडी की टीम पहुंची। इसके बाद कार्यालय के अंदर दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान किसी को अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। इस दौरान ईडी के अधिकारियों के अलावा रांची से बड़ी संख्या में पुलिस के जवान भी सुरक्षा के लिहाज से मौजूद रहे।

जमशेदपुर के अलावा आदित्यपुर और कोलकाता तक पहुंची कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, ईडी की कार्रवाई जमशेदपुर के अलावा आदित्यपुर स्थित फैक्ट्री और पश्चिम बंगाल के कोलकाता समेत अन्य स्थानों तक भी पहुंची है। बबलू जायसवाल के साथ उनके अकाउंटेंट संजय पारीक से जुड़े ठिकानों पर भी ईडी की तलाशी लिये जाने की सूचना है। आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में भी ईडी की टीम के पहुंचने की बात सामने आई है।

वित्तीय दस्तावेज और डिजिटल डाटा की जांच
जांच एजेंसी की टीम बबलू जायसवाल के कार्यालय और अन्य परिसरों में रखे वित्तीय दस्तावेज, कारोबार से संबंधित कागजात और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है। इसके अलावा कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में मौजूद डिजिटल डाटा की भी जांच की जा रही है। ईडी की कार्रवाई के दौरान कुछ दस्तावेज और डिजिटल सामग्री अपने कब्जे में लिये जाने की भी सूचना है।

फर्जी बिलिंग और आईटीसी के गलत इस्तेमाल का मामला
यह पूरा मामला जीएसटी में कथित फर्जीवाड़े और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत तरीके से लाभ लेने से जुड़ा बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों के अनुसार, फर्जी बिलिंग और कागजी लेन-देन के जरिये आईटीसी का लाभ लिये जाने के मामले की जांच पहले से चल रही है। इसी जांच की आगे की कड़ी के रूप में ईडी की वर्तमान कार्रवाई को देखा जा रहा है।

जून 2024 में डीजीजीआई ने किया था गिरफ्तार
बबलू जायसवाल पहले भी जीएसटी घोटाले से जुड़े मामले में जांच एजेंसी की कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। जून 2024 में डीजीजीआई ने उन्हें गिरफ्तार किया था। उस समय जांच एजेंसी ने दो कंपनियों से जुड़े मामले में 55.66 करोड़ रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट घोटाले का आरोप लगाया था और आगे की जांच में रकम बढ़ने की बात कही गई थी। बाद में उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

 

अगस्त 2025 में भी हुई थी ईडी की छापेमारी
इसके बाद अगस्त 2025 में भी ईडी ने बबलू जायसवाल के जमशेदपुर समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस कार्रवाई में बिष्टुपुर, बर्मामाइंस, जुगसलाई और आदित्यपुर स्थित परिसरों की तलाशी लिये जाने की रिपोर्ट सामने आई थी।

मनी ट्रेल और वित्तीय लेन-देन की जांच
बुधवार की कार्रवाई को उसी जीएसटी फर्जीवाड़े से जुड़े मनी ट्रेल और वित्तीय लेन-देन की आगे की जांच के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, देर तक ईडी की ओर से छापेमारी में बरामदगी या कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई थी। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ईडी को किन दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों से मामले में आगे की कड़ियां मिली हैं।

Tags - ED Raid GST Scam Gyanchand Jaiswal Jamshedpur News Input Tax Credit