द फॉलोअप डेस्क
ग्रामीण विकास के निलंबित चीफ इंजीनियर विरेंद्र राम की मुश्किलें कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। ED द्वारा निलंबित चीफ इंजीनियर से की जा रही पूछताछ के बाद अब उनकी पत्नी राजकुमारी देवी और पिता गेंदा राम को भी समन भेजा गया है। पिता और पत्नी को समन भेजकर ईडी ने पूछताछ के लिए बुलाया है। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि ईडी ने उन्हें किस दिन पूछताछ के लिए बुलाया है। मीडिया रिपोट्स की मानें तो इस दौरान ED जाने का प्रयास करेगी कि विरेंद्र राम के द्वारा की जा रही अवैध कमाई में परिवार वालों की कितनी संलिप्तता है और उनकी ओर से विरेंद्र राम को कितना सहयोग किया गया है।

ईडी ने प्रॉसिक्यूशन कंप्लेन किया दाखिल
जानकारी हो कि विरेंद्र राम के खिलाफ ईडी ने 21 अप्रैल को प्रॉसिक्यूशन कंप्लेन दाखिल कर दी है। ईडी ने पीएमएलए की विशेष कोर्ट के आवासीय कार्यालय में पीसी दाखिल की है। प्रॉसिक्यूशन कंप्लेन में ईडी ने वीरेंद्र राम के अलावा टेंडर मैनेज कर अवैध कमाई करने वाले लोगों के संबंध में भी जानकारी दी है।

22 फरवरी को हुई थी गिरफ्तारी
मालूम हो कि ईडी ने बीते 22 फरवरी को आय से अधिक संपत्ति मामले में इंजीनियर वीरेंद्र राम को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से एक दिन पहले 21 फरवरी को ईडी ने पूर्व चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम के 24 ठिकानों पर छापेमारी की थी। तब करीब डेढ़ करोड़ के जेवरात के अलावा देश के कई शहरों में करोड़ों के निवेश के दस्तावेज भी बरामद हुए थे। इस केस में ईडी ने वीरेंद्र राम के रिश्तेदार आलोक रंजन को भी गिरफ्तार किया है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT