logo

मनी लाउंड्रिंग के आरोपियों को मिल रही सुविधा को लेकर ईडी आज जेल अधीक्षक से करेगी पूछताछ 

ed_office9.jpg

द फॉलोअप डेस्क
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आज बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल के अधीक्षक हामिद अख्तर को पूछताछ के लिए बुलाया है। जानकारी के अनुसार उन्हें सुबह 11 बजे रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में बुलाया है। ईडी उनसे मनी लाउंड्रिंग के आरोपियों को मिल रही सुविधा को लेकर पूछताछ करेगी। ईडी को सूचना मिली थी कि मनी लाउंड्रिंग के आरोपी जेल में जश्न मना रहे हैं। इसकी जांच के लिए ईडी ने जेल से सीसीटीवी फुटेज मांगा था। इस मुद्दे पर सुनवाई के बाद सीसीटीवी फुटेज को देने का निर्देश दिया था लेकिन कोर्ट के आदेश के बावजूद अब तक नहीं मिला है। ईडी उनसे पूर्व में मांगे गए सीसीटीवी फुटेज अब तक ईडी को उपलब्ध नहीं कराए जाने का कारण भी जानेगी।


सवालों की लंबी सूची तैयार
इसके साथ ही जेल में  आरोपियों की एक दूसरे से रात में मिलने की सूचना भी सामने आई थी। ईडी ने जेल में छापा मारा तो पता चला कि प्रेम प्रकाश ने जेल में रांची के पूर्व उपायुक्त छवि रंजन से मुलाकात की थी।  रात में दोनों की मुलाकात करीब 40 मिनट चली।  ईडी जेल अधीक्षक हामिद अख्तर से जानना चाहेगी कि आखिर उन्होंने कौन से जेल मैनुअल और नियम के तहत जेल में बंद एक कैदी निलंबित आइएएस छवि रंजन की दूसरे कैदी प्रेम प्रकाश से मुलाकात कराई थी। इससे संबंधित कई सवालों की सूची ईडी ने तैयार रखा है। उनसे ईडी यह भी सवाल पूछेगी कि कैदियों को मदद पहुंचाने के एवज में उन्होंने कौन सा लाभ लिया है।


जेल मैनुअल का उल्लंघन कर मदद करने का आरोप 
हामिद अख्तर पर मनी लांड्रिंग के आरोपियों को जेल मैनुअल का उल्लंघन कर मदद करने का आरोप है। मनरेगा घोटाला, अवैध खनन, भूमि घोटाला, पद का दुरुपयोग कर काली कमाई सहित आधा दर्जन से अधिक चर्चित मामलों के आरोपियों को ईडी ने मनी लांड्रिंग के तहत जेल भेजा था। ईडी को पुख्ता सूचना मिली कि जेल में उनके कैदियों को जेल मैनुअल का उल्लंघन कर मदद पहुंचाया गया है।

 हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N