logo

रामचरितमानस विवाद : शिक्षा मंत्री को मिला राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद का साथ, बोले-पार्टी उनके बयान के साथ मजबूती से है खड़ी

674.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रामचरितमानस को लेकर विवादित बयान देने के बाद चौतरफा घिरे बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर को राजद का समर्थन मिल गया है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह खुलकर उनके समर्थन में उतरे। उन्होंने मंत्री चंद्रशेखर को आश्वस्त किया है कि उनके बयान के साथ राजद मजबूती से खड़ी है। बिहार के एक पोर्टल ने इस संबंध में न्यूज प्रकाशित किया है। खबर के अनुसार राजद प्रदेश अध्यक्ष ने मंत्री चंद्रशेखर को आश्वस्त करते हुए कहा कि पूरी पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है। कमंडल वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। कमंडल के आगे मंडल को कभी राजद हारने नहीं देगा। कोई कुछ भी बोले हमें पीछे हटने की कोई जरूरत नहीं है। इतना ही नहीं प्रदेश अध्यख ने शिक्षा मंत्री की राजनीति को समाजवादियों के बताए रास्ते पर चलने की बात कही। उन्होंने कहा कि हमारी सामाजिक न्याय की विचारधारा है। लोहिया जी से जो सीख हमें मिली है और जिसके लिए कर्पूरी ठाकुर हमेशा लड़ते रहे हैं। मतलब जो राह समाजवादियों ने हमें बताई है उस पर ही शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर भी राजनीत कर रहे हैं।

जानें क्या है विवादित बयान
बिहार के शिक्षा मंत्री प्रोफेसर चंद्रशेखर ने नालंदा खुला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बुधवार को हिंदू धर्म के पवित्र ग्रंथ रामचरितमानस पर विवादित बयान दिया। उन्होंने अपने संबोधन में रामचरितमानस को समाज बांटने और नफरत फैलाने वाला ग्रंथ कहा था। समारोह में बोलते हुए उन्होंने छात्रों को रामचरितमानस के कई चौपाई को सुनाते हुए उसका अर्थ बताया था। उन्होंने कहा था कि हमारा ग्रंथ ही समाज को बांटने वाली बातों को बता रहा है। इससे साफ है कि  इससे समाज को बांटने का काम तो हो सकता है मगर प्रेम बनाने का काम नहीं हो सकता है।