नंदलाल तुरी
पाकुड़ के रेल यात्रियों की समस्याओं को लेकर ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन, हावड़ा मंडल के अध्यक्ष हिसाबी राय और सचिव राणा शुक्ला ने पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल रेल प्रबंधक विशाल कपूर से उनके कार्यालय में मुलाकात की। उन्होंने पाकुड़ रेलवे स्टेशन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस दौरान स्टेशन की सफाई व्यवस्था को तीन पाली में करने, रेलवे परिसर में वीडियो वॉल लगाने सहित अन्य मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कोलकाता स्थित रेल मुख्यालय में मुख्य यात्री संचालन प्रबंधक रौशन कुमार और उप मुख्य यात्री संचालन प्रबंधक काशी राजकुमार से भी भेंट की। उन्होंने इस सेक्शन में लोकल ट्रेनें नहीं चलने के कारण यात्रियों को हो रही असुविधाओं की जानकारी दी।
ईजरप्पा के सचिव राणा शुक्ला ने बताया कि साहेबगंज लूप लाइन रेलखंड में कई रेलगाड़ियों को बंद कर देने और समय सारिणी में बदलाव के कारण क्षेत्र के गरीब यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने साहेबगंज से रामपुरहाट तक मेमू ट्रेन चलाने की मांग की। प्रस्तावित समय के अनुसार, मेमू ट्रेन सुबह 9 बजे साहेबगंज से चले, 11:15 बजे पाकुड़ पहुंचे, 12:15 बजे रामपुरहाट पहुंचे, और वापसी में दोपहर 1:15 बजे रामपुरहाट से प्रस्थान कर 2:15 बजे पाकुड़ और 4:30 बजे साहेबगंज पहुंचे।
शुक्ला ने बताया कि यह ट्रेन साहेबगंज से बामदेव एक्सप्रेस के समय पर और अप में रामपुरहाट से बरौनी एक्सप्रेस के समय पर चलाई जाए, ताकि क्षेत्र के दैनिक और आम यात्रियों को सुविधा मिल सके। इसके साथ ही बर्धमान–मालदा पैसेंजर को पुनः शुरू करने और बर्धमान–तीनपहाड़ पैसेंजर का मार्ग विस्तार साहेबगंज तक करने की भी मांग की गई। चर्चा के उपरांत रौशन कुमार ने आश्वासन दिया कि ईजरप्पा द्वारा सौंपा गया मांग पत्र जनहित में है, और पूर्व रेलवे इसके समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
इसके अलावा, ईजरप्पा ने पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक डॉ. उदय शंकर झा से मुलाकात कर पाकुड़ मालगोदाम रोड स्थित दोनों फुट ओवर ब्रिज के नीचे एटीवीएम (ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) लगाने की मांग की। झा ने आश्वस्त किया कि इस माह के अंत तक एटीवीएम स्थापित कर दी जाएगी।