logo

समाहरणालय संवर्ग के पदनाम परिवर्तन पर पाकुड़ के कर्मचारियों ने CM हेमंत सोरेन के प्रति जताया आभार

P_DC2.JPG

पाकुड़ 

झारखंड राज्य अनुसचिवीय कर्मचारी संघ, पाकुड़ जिला इकाई (समाहरणालय संवर्ग) के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मंगलवार को पाकुड़ उपायुक्त (DC) के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम धन्यवाद ज्ञापन सौंपकर समाहरणालय संवर्ग के पदनाम परिवर्तन संबंधी अधिसूचना जारी किए जाने पर आभार व्यक्त किया। संघ ने बताया कि समाहरणालय संवर्ग के कर्मचारी विगत लगभग पाँच वर्षों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लगातार संघर्षरत थे।

पदनाम परिवर्तन को अधिसूचित किया गया

इसी क्रम में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड सरकार द्वारा अधिसूचना संख्या-4373, 06 जुलाई को जारी कर समाहरणालय संवर्ग के विभिन्न पदों के पदनाम परिवर्तन को अधिसूचित किया गया है। अधिसूचना के अनुसार निम्न वर्गीय लिपिक का पदनाम सहायक, उच्च वर्गीय लिपिक का वरीय सहायक, प्रधान लिपिक का सहायक प्रशासी पदाधिकारी, कार्यालय अधीक्षक का प्रशासी पदाधिकारी (ग्रेड-2) तथा प्रशासी पदाधिकारी का प्रशासी पदाधिकारी (ग्रेड-1) किया गया है। संघ के जिलाध्यक्ष राम विलास यादव के नेतृत्व में कर्मचारियों ने उपायुक्त को पुष्पगुच्छ भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया। 

मुख्यमंत्री, कार्मिक सचिव एवं मुख्य सचिव के प्रति आभार प्रकट किया

उनके माध्यम से मुख्यमंत्री, कार्मिक सचिव एवं मुख्य सचिव के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर कर्मचारी संघ ने पाकुड़ जिले के सभी स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों का भी विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया, जिन्होंने कर्मचारियों की मांगों एवं संघर्ष को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान जिलाध्यक्ष राम विलास यादव, जिला मंत्री ओंकार कुमार, रूबी कुमारी, रोशन कुमार झा, बेबी साह, खुर्शीदा बेगम, पुष्पलता, ममता दास, आशा किरण, साहिना जूही सहित समाहरणालय संवर्ग के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

Tags - Pakur DC Hemant Soren Jharkhand Secretariat Employees Association Administrative Reforms