नंदलाल तुरी
कृषि विभाग द्वारा संचालित बिरसा फसल विस्तार योजना के अंतर्गत गुरुवार को सदर प्रखंड के चांदपुर पंचायत में किसानों के बीच मक्का बीज का वितरण किया गया। कार्यक्रम में आसपास के कई गांवों से आए किसानों की अच्छी-खासी उपस्थिति देखने को मिली। विभाग का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराकर उनकी उपज बढ़ाना है।
बीज वितरण कार्यक्रम की निगरानी सहायक तकनीकी प्रबंधक (एटीएम) नीलम कुमारी श्रीवास्तव ने की। उन्होंने किसानों को उन्नत किस्म के मक्का बीज, खेती के उचित समय, मिट्टी स्वास्थ्य परीक्षण और आधुनिक कृषि तकनीकों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की इस योजना से किसानों की उत्पादन लागत घटेगी और पैदावार बढ़ेगी, जिससे उनकी आय में सकारात्मक बढ़ोतरी होगी। कार्यक्रम में चांदपुर पंचायत के मुखिया पूर्णेंदु सरकार भी उपस्थित थे। उन्होंने किसानों से कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि क्षेत्र को और मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि आधारित योजनाएं किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में बड़ी भूमिका निभाती हैं।
वहीं किसान मित्र अब्दुल बसीर ने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की सलाह दी। उन्होंने मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने, समय पर खाद के उपयोग और जल संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को लगातार सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी। कृषि विभाग के कर्मियों ने बताया कि बिरसा फसल विस्तार योजना के तहत जिले के अधिक से अधिक किसानों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। आने वाले दिनों में भी अन्य गांवों में बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने कृषि विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
