logo

रांची में पहली बार लगा किसान बाजार, किसानों और उपभोक्ताओं के बीच हुआ सीधा संवाद

RANCHI25.jpeg

रांची 
रांची में पहली बार किसान बाजार लगाया गया। इसमें किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संवाद हुआ। किसान बाजार का आयोजन सामाजिक संस्था दीपशिखा व दी पिंक पेबल्स की ओर से रांची के मोरहाबादी ऑक्सीजन पार्क में किया गया। 25 फरवरी रविवार को पहली बार आयोजित किसान बाजार का समापन विशाल सफलता के साथ हुआ। मेले का उद्घाटन सांसद संजय सेठ व वन विभाग के डीके सक्सेना ने दीप जलाकर व तुलसी के पौधे में जलार्पण कर किया। आयोजन में सैकड़ों परिवारों और बच्चों ने मस्ती और उमंग के साथ हिस्सा लिया। 

क्या खास रहा आयोजन में 

किसान बाजार में ऑर्गेनिक फलों, सब्जियों, डेयरी उत्पादों, मिलेट्स, स्नैक्स, जूस और हस्तनिर्मित साबुन जैसे विविध स्टॉल्स लगाये गये। स्टॉल स्थानीय किसानों और उत्पादकों की ओऱ से लगाये गये। यह आयोजन न केवल ग्राहकों को उच्चतम गुणवत्ता के ताजा उत्पादों तक पहुंच प्रदान करने के लिए था, बल्कि यह उत्पादकों को भी उनके उत्पादों के लिए उचित मूल्य सुनिश्चित करने का एक प्रयास था। मौके पर किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित किया गया। शहरी नागरिकों को स्थानीय खाद्य प्रणाली और सतत जीवन शैली के महत्व के प्रति जागरूक किया। आयोजन के दौरान, बच्चों और परिवारों ने विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों और कार्यशालाओं में भाग लिया।  


क्या कहा आयोजकों ने 
इस दौरान आयोजकों ने कहा कि मौके पर न केवल स्थानीय किसानों को प्रोत्साहित किया गया, बल्कि लोगों के बीच स्थायी और स्वस्थ जीवनशैली के मूल्यों को भी प्रोत्साहित किया गया। कहा कि आगे भी ऐसे आयोजन होंगे। इसके माध्यम से किसान भाई-बहनों को उनके उत्पादों के लिए और भी बेहतर मंच प्रदान किया जा सकेगा। इस कार्यक्रम की सफलता में सुधा लिल्हा, श्वेता बंका, मंजू सरावगी, सरिता मोदी, ट्विंकल छावनिका, अरुणा बथवाल आदि का अहम योगदान रहा। 

 

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -

https://chat.whatsapp.com/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn