द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड स्थित हटिया मैदान में अखिल भारतीय किसान महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह धनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष नारायण यादव ने की, जबकि संचालन माले प्रखंड सचिव सकलदेव यादव ने किया। बैठक में सैकड़ों की संख्या में किसान एवं पैक्स अध्यक्ष शामिल हुए। किसानों ने पैक्स में धान की ऑनलाइन इंट्री बंद होने के कारण खरीदारी ठप रहने और प्रखंड में धान खरीद का लक्ष्य घटाए जाने पर गहरी नाराजगी जाहिर की। इसके साथ ही किसानों ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाने की मांग भी की।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि हेमंत सरकार ने किसानों के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान सरकार ने किसानों से 3200 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदने का वादा किया था, लेकिन अब सरकार सिर्फ 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद का विज्ञापन निकाल रही है। पैक्स में धान की ऑनलाइन इंट्री बंद कर दी गई है, जिससे किसान बिचौलियों के हाथों औने-पौने दाम पर अपनी फसल बेचने को मजबूर हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 4 फरवरी तक किसानों की मांगें पूरी नहीं की गईं, तो अखिल भारतीय किसान महासभा के बैनर तले 5 फरवरी को हजारों किसान गावां थाना मोड़ के समक्ष गावां-नवादा (बिहार) मुख्य पथ को जाम करेंगे। बैठक के उपरांत किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन उपायुक्त (डीसी) एवं खाद्य आपूर्ति विभाग के नाम से अंचलाधिकारी (सीओ) को सौंपा।
