धनबाद
सोनारडीह ओपी क्षेत्र के टांडा बारी (कर्मकार टोला) में बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे अचानक हुए भू-धंसान से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि या संपत्ति के नुकसान नहीं हुआ, लेकिन स्थानीय लोगों के मुताबिक यह इस क्षेत्र की पांचवीं घटना है। बार-बार हो रहे भू-धंसान से ग्रामीणों में भारी दहशत है और उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
टांडा बारी में पांचवीं बार धंसी जमीन
स्थानीय लोगों का कहना है कि टांडा बारी क्षेत्र में यह भू-धंसान की पांचवीं घटना है। लागातार हो रही ऐसी घटनाओं ने ग्रामीणों की मन की चिंता बढ़ा दी है। जिस स्थान पर जमीन धंसी है, उसके आसपास बड़ी संख्या में मकान स्थित हैं। ऐसे में लोगों को अपने घरों की सुरक्षा को लेकर डर सताने लगा है।
किसी बड़े हादसे का इंतजार?
क्षेत्र में बार-बार जमीन धंसने की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। लोगों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच कराने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है और लोग किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका जता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।