द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर शुक्रवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी के अवसर पर जमशेदपुर पहुंचे थे। वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान लगाये गये सेवा शिविर में भी भाग लिया। जहां उनके सिर पर पहाड़ी बांध उनका स्वागत किया गया।
इस जुलूस-ए- मोहम्मदी में अकीदत मंद शानो शौकत के साथ शामिल हुए। जिसमें युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मोहम्मद नौसाद के नेतृत्व में सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस सेवा शिविर के माध्यम से हजारों की संख्या में आमजन ने लाभ उठाया। जुलूस मोहम्मदी मानगो के गांधी मैदान से निकला और मानगो चौक, मानगो ब्रिज और मानगो बस स्टैंड गोल चक्कर होते हुए आम बागान पहुंचा। आम बागान में उलेमा की तकरीर हुई। तकरीर में लोगों को बताया गया कि आज ही के दिन कायनात के रसूल हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि व आलेही वसल्लम दुनिया में आये थे।
आम बागान में तकरीर के बाद जुलूस आगे बढ़ा। साकची गोलचक्कर पर भालूबासा और टेल्को के बारी नगर व गोलमुरी से आने वाले जुलूस इसमें शामिल हुए। इसके बाद यह जुलूस स्ट्रेट माइल रोड होता हुआ धतकीडीह पहुंचा। इस जुलूस में शामिल अकीदतमंदों की सेवा की गई। सड़क के दोनों तरफ स्टाल लगाकर लोगों को हलवा, शरबत, चना, चाय, कॉफी, बिस्किट आदि का वितरण किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, गुजरात के विधायक एवं पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के पर्यवेक्षक आनंद पटेल, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दूबे एवं जिला प्रभारी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस सेवा शिविर के माध्यम से लोगों को फल, बिस्कुट, शरबत तथा अन्य आवश्यक सामग्रियां वितरित की गयी। उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में भाईचारा और इंसानियत का संदेश देते हैं।
