logo

रांची के इस अपार्टमेंट में लगी आग, 1 बुजुर्ग की जलकर मौत 

apatu.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
राजधानी रांची के सिरम टोली स्थित पर्ल अपार्टमेंट के दूसरे तल्ले पर तड़के आग लगने से अपार्टमेंट के मालिक जुलतन सुरीन (उम्र 75 वर्ष) की जलकर मौत हो गई। जबकि उनकी बहन जोलेन होरो (उम्र 80 वर्ष) बुरी तरह झुलस गई। आग लगने का कारण अब तक पता नहीं चल पाया है। अग्निशमन दल के राजेश कुमार और अविनाश कुमार ने आग की लपटों के बीच से झुलस चुकी महिला को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए भेजा गया।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, पर्ल अपार्टमेंट रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के सिरम टोली के पास स्थित है. शनिवार सुबह-सुबह कुछ लोगों ने अपार्टमेंट के एक फ्लैट से धुआं निकलते देखा। इसके बाद मामले की जानकारी चुटिया पुलिस को दी गयी. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले की जानकारी अग्निशमन विभाग को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग और पुलिस की टीम ने फ्लैट में लगी आग पर काबू पाया। लेकिन उससे पहले ही फ्लैट में रहने वाले 75 वर्षीय बुजुर्ग जुलतन सुरीन की जलने से मौत हो चुकी थी। जबकि उनकी बहन 80 वर्षीय जोलेन होरो आग से गंभीर रूप से झुलसने के कारण फर्श पर पड़ी थीं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।