द फॉलोअप डेस्क
रांची के पिस्का मोड से फायरिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां बीते शनिवार की देर रात जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूब गोलीबारी हुई। इस फायरिंग में तीन लोगों को गोली लगी है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। .jpg)
जानकारी के मुताबिक शनिवार की रात जमीन कारोबारी विकास सिंह और उसके भाई आकाश और मोगली को बातचीत करने के लिए संजय पांडे नामक अपराधी ने पिस्का मोड़ के तेल गली में बुलाया था। दोनों भाई रात करीब 9।45 बजे तेल मिल गली पहुंचे। जहां पर पहले से संजय पांडे अपने लोगों को लेकर हथियार के साथ मौजूद था।दोनों गुटों में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग की की गई। गोलीबारी की इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान जमीन कारोबारी विकास सिंह, उसके भाई आकाश सिंह उर्फ मोगली के अलावा दूसरे गुट के रवि के रूप में हुई हैं।.jpeg)
विकास सिंह को छाती और हाथ में कुल तीन गोलियां लगी है। वहीं उसके भाई को हाथ में गोली लगी है। जिसके बाद उन्हें सदर ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फ़िलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय, सुखदेव नगर थाना प्रभारी और पंडरा ओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस को घटनास्थल से कुछ खोखे भी बरामद हुए हैं। वहीं संजय पांडेय सहित कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। 
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि सुकुरहुटू में एक चार एकड़ की जमीन है। जिस पर संजय पांडे और विकास काम कर रहे थे। काम के दौरान विकास का संजय पांडे पर करीब 55 लाख रुपए बकाया हो गया। विकास लगातार संजय पांडे पर पैसा वापस करने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। हालंकि पुलिस मामले की पूरी तहकीकात करने में जुटी हुई है।