द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा जिले के हनवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत परसा गांव में 18 अक्टूबर को हुए एक जमीनी विवाद में हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इस मामले में मृतक के परिजनों द्वारा दर्ज कराए गए प्राथमिकी के आधार पर जानकारी मिली थी, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। मिली जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर को जमीन विवाद को लेकर आपसी हिस्सेदारी के दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई थी। इस झड़प में मो. हिदायत अली की मौत हो गई थी, जबकि अब्दुस शुभान और मो. असद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद मृतक के परिजनों द्वारा हनवारा थाना में मामला दर्ज कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल पांच नामजद अभियुक्तों, मो. अली, मो. शरीफ, मो. अतहर, अब्दुल रजाक और जफरूल उर्फ जफर को गिरफ्तार कर लिया है। सभी अभियुक्त गोड्डा जिले के रहने वाले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक कुदाल और दो लाठियां भी बरामद की हैं, जिन्हें विधिवत जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घटना में संलिप्त अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और आसूचना संकलन के माध्यम से उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही अन्य आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
