गोड्डा:
गोड्डा जिला के बेलबड्डा और मेहरमा थानाक्षेत्र में पिछले दिनों किडनैपिंग, हत्या और रंगदारी की वारदातों पर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। एसपी के निर्देश पर महागामा एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कोकरा खास गांव के 4 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गिरफ्तार आरोपियों में 25 वर्षीय मिथिलेश कुमार दास, 20 वर्षीय सुमन कुमार उर्फ सोनू, 20 वर्षीय प्यारेलाल तांती और 22 साल का पवन कुमार दास शामिल है। सभी कोकरा खास गांव के रहने वाले हैं। 
पांच वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की
इन्होंने 5 वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की जिनमें 13 वर्षीय गुलशन कुमार दास की गला दबाकर जघन हत्या भी शामिल है। इसके अलावा इन्होंने सीमेंट-छड़ व्यवसायी को अगवा कर 5 लाख रुपये की फिरौती वसूली, आइसक्रीम विक्रेता पिंटू तांती की गोली मारकर हत्या कर दी और लूट की वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मेहरमा के सुड़मी चौक पर अनाज व्यवसायी से रंगदारी नहीं मिलने पर फायरिंग की थी।

हथियार समेत आपत्तिजनक सामान मिला
इनकी निशानदेही पर पुलिस ने देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, सुतली बम, मोबाइल और बाइक समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। चारों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एसआईटी को गिरोह से जुड़े बाकी अपराधियों की तलाश है।