logo

अप्रैल में जारी रहेगा झारखंड के मौसम में उतार-चढ़ाव, आज इन जिलों में होगी बारिश

rain31.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहा। राज्य के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं हल्के मध्यम दर्ज़े की बारिश दर्ज हुई है। आज के मौसम की बात करें तो रांची मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि बंगाल की खाड़ी में बने एंटी साइक्लोनिक डिप्रेशन की वजह से आज भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। अधिकांश हिस्सों में वज्रपात को लेकर लोगों को सचेत रहने की जरूरत है। जिसे लेकर यलो अलर्ट भी जारी की गई है। 


इन जिलों में होगी आज बारिश
वहीं, बारिश की बात की जाए तो आज राज्य के कुछ जिले जैसे गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम,चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची, बोकारो, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गढ़वा, सरायकेला खरसावां व पूर्वी सिंहभूम में हल्के मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही, इन जिलों में वज्रपात की भी आशंका है व तेज हवा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से चलेगी।


उतार-चढ़ाव जारी रहेगा
इधर बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से झारखंड के लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, गुरुवार की अपेक्षा शुक्रवार को रांची के अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गयी। वहीं, बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को अधिकतम तापमान में 6.1 डिग्री सेल्सियस की कमी आ गयी थी। मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल माह में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। 


पांच डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है
15 अप्रैल से अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। यह स्थिति 18 अप्रैल तक रहने की संभावना है। इस दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान 38 तथा अन्य जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक पहुंचने की उम्मीद है। झारखंड मौसम विभाग के अनुसार, 14 अप्रैल को राज्य के दक्षिणी (कोल्हान) तथा निकटवर्ती मध्य भाग (राजधानी और आसपास) में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है। ज्ञात हो कि 12 अप्रैल को राजधानी का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

Tags - weather jharkhand rain in jharkhand jharkhand mausam weather report