logo

15 सितंबर तक जमा कर दें फॉर्म–6, SIR प्रक्रिया में तय हुई मियाद; जानें कैसे करें आवेदन

15 सितंबर तक जमा कर दें फॉर्म–6, SIR प्रक्रिया में तय हुई मियाद; जानें कैसे करें आवेदन

रांची: 
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने झारखंड के सभी पात्र भारतीय नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि जिनका नाम वर्तमान एसआईआर की ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे समय रहते फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाना सुनिश्चित करें।

एक अक्तूबर 2026 को 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले भी भरें फॉर्म-6
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि वैसे युवा, जो एक अक्तूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं, वे भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते आवेदन करने से पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सकेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ई-सीनेट के माध्यम से या संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा पत्र जमा करें।

75 मतदान केंद्रों पर एक भी फॉर्म-6 नहीं मिला
13 सितंबर 2026 तक प्राप्त फॉर्म-6 की मतदान केंद्रवार समीक्षा में कई केंद्रों पर आवेदन की संख्या काफी कम पाई गई है। राज्य के कुल 31,892 मतदान केंद्रों में से 75 मतदान केंद्रों पर अभी तक एक भी फॉर्म-6 प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं, 5,591 मतदान केंद्रों पर 1 से 5 फॉर्म-6, 8,618 मतदान केंद्रों पर 6 से 10, 11,329 मतदान केंद्रों पर 11 से 20, 4,076 मतदान केंद्रों पर 21 से 30 और 2,203 मतदान केंद्रों पर 30 से अधिक फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं।

रांची में सबसे अधिक 62 मतदान केंद्रों पर शून्य आवेदन
शून्य फॉर्म-6 वाले मतदान केंद्रों में रांची के 62 मतदान केंद्र शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों में कांके विधानसभा क्षेत्र के 52 मतदान केंद्रों पर भी अभी तक एक भी फॉर्म-6 प्राप्त नहीं हुआ है। इसके अलावा जिन मतदान केंद्रों पर केवल 1 से 5 फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं, उनमें रांची के 904, हजारीबाग के 628, गिरिडीह के 515, देवघर के 455 और चतरा के 369 मतदान केंद्र शामिल हैं।

राजनीतिक दलों से बीएलए-2 के जरिए सहयोग की अपील
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने दलों को निर्देशित किया है कि वे अपने बीएलए-2 के माध्यम से पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें और उन्हें फॉर्म-6 तथा घोषणा पत्र भरने में सहायता उपलब्ध कराएं।

एसआईआर की मतदाता सूची भविष्य में भी महत्वपूर्ण
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि वर्तमान एसआईआर के दौरान तैयार की जा रही मतदाता सूची भविष्य में दस्तावेजी संदर्भ के तौर पर भी उपयोगी हो सकती है। उन्होंने कहा कि एसआईआर से तैयार मतदाता सूची को स्थायी दस्तावेज के रूप में संधारित किया जाएगा। वर्तमान एसआईआर में जिन पात्र नागरिकों का नाम शामिल नहीं हो सका है, उन्हें समय रहते फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान एसआईआर के दस्तावेजों से मतदाताओं और उनके बच्चों की मैपिंग में भी भविष्य में लाभ मिल सकता है। इसलिए पात्र नागरिकों को 15 सितंबर की अंतिम तिथि से पहले फॉर्म-6 जरूर जमा करना चाहिए, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।

Tags - Jharkhand SIR Form 6 Voter List Voter Registration Jharkhand News