logo

राज्य के पूर्व मुख्य सचिव सुखदेव सिंह लौट सकते हैं झारखंड

sukhdeo_singh.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राज्य के पूर्व मुख्य सचिव सुखदेव सिंह झारखंड लौट सकते हैं। राज्य सरकार उन्हें कोई नयी जिम्मेदारी देने पर गंभीरतापूर्वक विचार कर रही है। सहमति बन गयी तो वह जल्द ही रांची लौट कर अपनी नयी जिम्मेदारी ले सकते हैं। सरकार के शीर्ष स्तर पर सुखदेव सिंह को राज्य का मुख्य सूचना आयुक्त बनाने पर विचार हो रहा है। उल्लेखनीय है कि 1987 बैच के आईएएस अधिकारी सुखदेव सिंह 31 मार्च 2024 को रिटायर किए थे। उस समय वह एटीआई के महानिदेशक पद पर पदस्थापित थे। सुखदेव सिंह को राज्य सरकार ने रिटायरमेंट तीन महीने पहले मुख्य सचिव पद से एटीआई के महानिदेशक पद पर स्थानांतरित कर दिया था। उसी पद से रिटायर होकर वह दिल्ली लौट गए और वहां रहने लगे। सुखदेव सिंह को हटाकर राज्य सरकार ने एल खियांग्ते को 7 दिसंबर 2023 को राज्य का नया मुख्य सचिव बनाया गया था। खियांग्ते भी 31 अक्तूबर 2024 को रिटायर हो गए। उसके बाद दो नवंबर 2024 से अलका तिवारी राज्य की मुख्य सचिव हैं। 


मालूम हो कि राज्य सूचना आयोग आज पूरी तरह डिफंक्ट है। इसमें न तो मुख्य सूचना आयुक्त है और ना ही कोई सूचना आयुक्त। वर्ष 2020 से सूचना आयोग की यह स्थिति है। इस कारण सूचना आयोग में हजारों की संख्या में अपील लंबित है। पहले प्रतिपक्ष का नेता नहीं रहने के कारण सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों का मनोनयन नहीं हो रहा था। आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त के अलावा सूचना आयुक्त के छह पद रिक्त हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व विधायक बाबूलाल मरांडी को प्रतिपक्ष का नेता बन जाने के बाद सूचना आयोग में नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना है। इसी क्रम में सरकार के शीर्ष स्तर पर मुख्य सूचना आयुक्त पद के लिए सुखदेव सिंह के नाम पर विचार विमर्श शुरू है।

Tags - sukhdeo singhiasjharkhandinformation commisinor