logo

झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह ने धनबाद मेयर पद के लिए पेश की दावेदारी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को लिखा पत्र

sanjeev_,_.jpg

द फॉलोअप डेस्क
नगर निकाय चुनाव 2026 की तारीखों के एलान ने झारखंड की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। इसी कड़ी में झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह ने मेयर पद के लिए दावेदारी पेश कर दी है। उन्होंने अपनी दावेदारी को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को पत्र लिखा है। 
पत्र में संजीव सिंह ने खुद को पार्टी का एक अनुशासित और समर्पित सिपाही बताते हुए कहा कि वे सदैव संगठन की विचारधारा और राष्ट्रहित के सिद्धांतों पर चलते रहे हैं। संजीव सिंह ने अपनी दावेदारी को मजबूती देने के लिए अपने परिवार की लंबी राजनीतिक विरासत और सामाजिक पारिवारिक आधार का उल्लेख किया है। उन्होंने पत्र में बताया है कि, उनके पिता स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह 4 बार विधायक रह चुके हैं। उनकी माता कुंती देवी ने भी 2 बार विधायक के रूप में जनता की सेवा की है। वह स्वयं भी पूर्व में विधायक के दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं। वर्तमान में उनकी धर्मपत्नी रागिनी सिंह झरिया विधानसभा से विधायक के रूप में सक्रिय हैं।
राजनीतिक बैकग्राउंड के अलावा, संजीव सिंह ने जमीन स्तर पर अपने जुड़ाव का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि वे वर्तमान में बीसीसीएल के सबसे बड़े मजदूर संगठन से जुड़कर श्रमिकों के हितों, उनके सामाजिक-आर्थिक कल्याण और अधिकारों के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। सिंह का कहना है कि इस अनुभव ने उन्हें जनसमस्याओं की गहरी समझ दी है, जिसका लाभ वे मेयर बनकर नगर के सर्वांगीण विकास और जन कल्याण में देना चाहते हैं।
पत्र के अंत में, संजीव सिंह ने पार्टी नेतृत्व से सकारात्मक विचार करने और मार्गदर्शन प्रदान करने का विनम्र आग्रह किया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि एक अनुशासित कार्यकर्ता होने के नाते वे सदैव संगठन के आदेशों और निर्णयों का पालन करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेंगे। संजीव सिंह की इस औपचारिक पहल ने धनबाद के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज कर दी हैं और अब सबकी नजरें भाजपा नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हैं।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update dhanbad news dhanbad khabar dhanbad update sanjeev singh sanjeev singh khabar