द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में 155.31 करोड़ की लागत से 8 जिलों में एक ही भवन में 4 थाने बनेंगे। भवन के पहली मंजिल पर साइबर थाना होगा, दूसरी मंजिल पर महिला थाना, तीसरी पर SC-ST थाना और चौथी मंजिल पर एचटीयू थाना होगा। यह कुल 8 जिलों में बन्ने वाला है, जिसमें जमशेदपुर, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, चतरा, पलामू, गढ़वा और धनबाद शामिल है। इसका निर्माण झारखंड पुलिस हाउसिंग द्वारा किया जाएगा। इसे लेकर गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
भवन के निर्माण में देवघर में 19.46 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं चतरा में 19.25 करोड़, धनबाद में 19.46 करोड़, जमशेदपुर में 19.36 करोड़, पलामू में 19.37 करोड़, हजारीबाग में 19.55 करोड़, गिरिडीह में 19.42 करोड़ और गढ़वा में 19.44 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

बता दें कि इंटीग्रेटेड थाना भवन के निर्माण के लिए यह योजना DGP अनुराग गुप्ता ने तैयार की है। उन्होंने IG प्रोविजन पंकज कंबोज को इसके क्रियान्वयन की जिम्मेवारी सौंपी है। इस योजना को पूरा करने के लिए दिसंबर 2024 में विभिन्न जिलों के SP के साथ पुलिस मुख्यालय द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की गई थी। इसमें जमीन की उपलब्धता के आधार पर थाना निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर SP को पुलिस मुख्यालय को भेजने को कहा गया था।
नए थाना भवन में महिला पुलिसकर्मियों के रहने के लिए अलग से बैरक की व्यवस्था होगी। इसके साथ पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों के साथ महिला पुलिस के लिए अलग से सुविधा होगी। एक ओर इस भवन के निर्माण के लिए अधिक भूमि की जरूरत होगी और अधिक पैसे भी खर्च होंगे, लेकिन दूसरी तरफ एक जगह पर सभी थाना होने से लोगों को सहुलियत भी होगी।
