जमशेदपुर
जमशेदपुर के व्यस्त साकची बाजार में मंगलवार को अंधविश्वास और डर का सहारा लेकर ठगी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आयी, जहां साधु के भेष में आये बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाया और उसके गहने लेकर फरार हो गये। दरअसल, गोलमुरी के केबुल टाउन निवासी मंजू देवी साकची बाजार में खरीदारी करने पहुंची थीं। बसंत सिनेमा के पास साधु के वेश में दो संदिग्ध युवकों ने उन्हें रोककर खुद को बाबा बताया और बातचीत में उलझा लिया। पहले उन्होंने महिला से पानी मांगा, इसपर मानवीय व्यवहार के तहत महिला ने पानी पिलाया, लेकिन यहीं से ठगी की पटकथा शुरू हो चुकी थी। बातचीत के दौरान बदमाशों ने महिला को डराया कि उसके बेटे पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। इस अनहोनी को टालने के लिए विशेष पूजा कराने की बात कहकर उन्होंने उसे मानसिक रूप से विचलित कर दिया। बेटे की सुरक्षा की चिंता और अंधविश्वास के दबाव में महिला उनके झांसे में आ गयी।

पूजा के नाम पर बदमाशों ने सारे गहने उतरवा लिये
पूजा के नाम पर बदमाशों ने महिला से उसके पहने हुए सारे गहने उतरवा लिये और कुछ देर में वापस करने का भरोसा देकर मौके से फरार हो गये। काफी देर तक जब दोनों वापस नहीं लौटे, तब महिला को ठगी का एहसास हुआ। घटना के बाद पीड़िता ने साकची थाना में शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि बदमाशों ने साधु का भेष अपनाकर महिला के बेटे पर संकट का डर दिखाया और इसी बहाने गहने ठग लिए। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि अजनबियों की बातों में न आये और इस तरह के झांसे से सतर्क रहें।
