जमशेदपुर
जमशेदपुर में सोने के गहनों की ठगी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला सोनारी थाना क्षेत्र के सेवेंथ एक्सटेंशन मोहल्ले से सामने आया है, जहां ठगों ने एक बुजुर्ग दंपति को निशाना बनाते हुए उनकी सोने की अंगूठियां उड़ा लीं. घटना शुक्रवार की है, जबकि शनिवार को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो युवक खुद को गहनों की सफाई करने वाला बताकर दंपति के घर पहुंचे. उन्होंने पहले पीतल और तांबे के बर्तन मंगवाकर उन्हें साफ किया और चमका दिया. इस प्रक्रिया से उन्होंने दंपति का भरोसा जीत लिया. भरोसा कायम होने के बाद ठगों ने दंपति से उनके हाथों की सोने की अंगूठियां साफ करने के लिए मांगीं. दंपति ने बिना शक किए अपनी अंगूठियां उन्हें दे दीं. इसी दौरान ठगों ने चालाकी से असली अंगूठियां बदलकर नकली अंगूठियां रख दीं और मौके से फरार हो गये.

कुछ देर बाद जब दंपति ने अंगूठियां ध्यान से देखीं, तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद उन्होंने तुरंत सोनारी थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं, जिनमें संदिग्ध युवकों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है. पुलिस का दावा है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा. लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अंजान लोगों को घर में प्रवेश न दें और किसी भी बहाने से गहने या कीमती सामान न सौंपें.
