logo

चाईबासा में भाजपा नेताओं की शव यात्रा और पुतला दहन, JMM ने कहा - कोल्हान की शांति भंग करने की रची जा रही साजिश

tyjeu84.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा  ने भाजपा पर कोल्हान की शांति भंग करने का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। चाईबासा में निकले जुलूस में झामुमो कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। इसके बाद पोस्ट ऑफिस चौक पर चारों नेताओं का पुतला दहन किया गया।
झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने कहा कि नो-एंट्री और सड़क दुर्घटनाओं के मुद्दे को हथियार बनाकर भाजपा नेताओं ने एक सुनियोजित साजिश के तहत कोल्हान में तनाव पैदा करने की कोशिश की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा, राज्य सरकार और मंत्री दीपक बिरुआ की छवि धूमिल कर घाटशिला उपचुनाव में राजनीतिक लाभ उठाने की फिराक में है।

देवगम ने कहा कि भाजपा के नेता कोल्हान के भोले-भाले आदिवासियों को बरगला कर शांत माहौल में जहर घोलने की कोशिश कर रहे हैं। उनका मकसद केवल अपनी राजनीति चमकाना है, जबकि इसका खामियाजा हमारे लोग भुगत रहे हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे 4000 करोड़ रुपये के घोटालेबाज और खनन माफियाओं के सरगना रहे हैं। देवगम ने कहा कि सामाजिक संगठनों और प्रशासन के बीच वार्ता को भटकाने के लिए मधु कोड़ा ने जानबूझकर विवाद पैदा किया, ताकि स्थिति और बिगड़े।
झामुमो नेताओं ने कहा कि भाजपा नेताओं की गलत नीतियों के कारण कोल्हान की शांति भंग हुई है, लेकिन जनता अब उनकी चाल और चरित्र को पहचान चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और मंत्री दीपक बिरुआ हमेशा से आदिवासी और मूलवासियों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील रहे हैं। पार्टी ने कोल्हान के लोगों से अपील की कि वे भाजपा के बहकावे और अफवाहों से दूर रहें।
इस विरोध प्रदर्शन में झामुमो के सैकड़ों कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल थे। जुलूस घंटाघर से शुरू होकर आम्रपाली होटल होते हुए पोस्ट ऑफिस चौक तक पहुंचा, जहां भाजपा नेताओं के पुतले जलाये गये। कार्यक्रम में जिला सचिव राहुल आदित्य, प्रवक्ता बुधराम लागुरी, दीपक प्रधान, इकबाल अहमद, विश्वनाथ बाड़ा, नारायण तुबिद, दिनेश तुम्बलिया, मन्नाराम कुदादा, राजीव हांसदा, विकास गुप्ता, रानी बारी, मोनिका बोईपाई, बसंती सुंडी, शीला जामुदा, रानी बारी, जस्मीन, प्रमिला पिंगुवा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

 

Tags - Latest Jharkhand News Jharkhand News Updates latest updates Jharkhand Jharkhand News updates Chaibasa News Chaibasa News in Hindi latest Chaibasa News Chaibasa News in hindi Chaibasa News updates latest jharkhand News jharkhand News Updates