logo

गांडेय को मिली सौगात, खावां नदी पर पुल और नई सड़कों से बदलेगी ग्रामीणों की तस्वीर

कदतग21.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के गांडेय विधानसभा क्षेत्र के लिए मंगलवार का दिन विकास और खुशियों की नई सौगात लेकर आया। ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खावां नदी पर बने नवनिर्मित पुल और विभिन्न सड़क निर्माण योजनाओं का लोकार्पण किया गया। गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने खावां पंचायत में आयोजित समारोह में फीता काटकर इन परियोजनाओं का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। ग्रामीण कार्य विभाग, गिरिडीह द्वारा खावां पंचायत के जगमनरायडीह और खावां गांव के बीच खावां नदी पर 58.08 मीटर लंबा आधुनिक पुल बनाया गया है। लगभग 2.38 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पुल का निर्माण अत्याधुनिक तकनीक से किया गया है। पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को सालभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। निर्धारित समय से पहले तैयार हुआ यह पुल क्षेत्रीय विकास के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।


सड़क परियोजनाओं से मजबूत होगी कनेक्टिविटी

पुल के साथ-साथ मुख्य सड़क से पंचायत भवन खावां तक निर्मित सड़क तथा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नावाडीह से टिटोया तक बनी सड़क का भी लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार तथा सरकारी सेवाओं तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी। खावां नदी पर पुल नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नदी का जलस्तर बढ़ने पर आवागमन बाधित हो जाता था, जिससे विद्यार्थियों, किसानों और मरीजों को काफी दिक्कत होती थी। अब पुल के निर्माण के बाद लोगों को सालभर निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। किसान अपनी उपज आसानी से बाजार तक पहुंचा सकेंगे और जरूरतमंद मरीजों को अस्पताल जाने में भी परेशानी नहीं होगी।


ग्रामीणों में खुशी, विकास को मिली रफ्तार
पुल और सड़क परियोजनाओं के उद्घाटन से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए सरकार और प्रशासन के प्रति आभार जताया। उनका कहना है कि इन योजनाओं से न केवल आवागमन बेहतर होगा, बल्कि व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्र में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुई यह प्रगति गांडेय के विकास को नई गति देने में अहम भूमिका निभाएगी।

 

Tags - Giridih Gandey Development Bridge Project Jharkhand