गढ़वा:
गढ़वा सदर थाना में भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह शिकायत पूर्व मंत्री मिथलेश ठाकुर की ओर से दर्ज कराई गई है। मामले को लेकर जिले की सियासत गरमा गई है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले एक यूट्यूबर को दिए गए इंटरव्यू में विधायक ने पूर्व मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसी को आधार बनाते हुए मिथलेश ठाकुर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि बयान से उनकी छवि को ठेस पहुंची है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

22 अप्रैल को सत्येंद्रनाथ तिवारी ने दिया था बयान
पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने 22 अप्रैल को उनके विषय में जो भी टिप्पणी की है, वह पूरी तरह से अपमानजनक, झूठा, आधारहीन और आपराधिक प्रकृति का है। यहां मिथिलेश ठाकुर ने उन बयानों का भी जिक्र किया है जो कथित तौर पर विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी द्वारा कहे गए हैं। पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा विधायक का बयान विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया, जिससे मेरी छवि को नुकसान पहुंचा और मानहानि हुई है।

पूर्व मंत्री ने सत्येंद्रनाथ तिवारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी की टिप्पणी को सामाजिक-राजनीतिक और पारिवारिक सम्मान नष्ट करने वाला, समाज में नीचा दिखाने वाला, लोगों के मन में उनके प्रति घृणा और अविश्वास पैदा करने वाला करार दिया है। उन्होंने कहा कि सत्येंद्रनाथ तिवारी ने जानबूझकर किसी खास मंशा से उनके खिलाफ बयानबाजी की है। उन्होंने पुलिस से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
