गढ़वा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर गुरुवार को गढ़वा जिले के पिंडरा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ चतरा सांसद कालीचरण सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा ने संयुक्त रूप से पार्टी का ध्वज फहराकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा के वैचारिक आधार, संगठनात्मक संरचना, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और वर्तमान राजनीतिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिले भर से पार्टी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ नेता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
.jpeg)
बाहरी और आंतरिक चुनौतियों पर प्रकाश डाला
पहले सत्र को संबोधित करते हुए चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आज समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, किसानों की आय वृद्धि, युवाओं के रोजगार और गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए भाजपा सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने देश के सामने मौजूद बाहरी और आंतरिक चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती आर्थिक शक्ति और वैश्विक स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा से विरोधी शक्तियां चिंतित हैं। उन्होंने आतंकवाद, फेक करेंसी, नशा तस्करी जैसी बाहरी चुनौतियों के साथ-साथ उग्रवाद, सांस्कृतिक विरासत से छेड़छाड़ और जातीय भ्रम फैलाने जैसी आंतरिक चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रहित में इन सभी मोर्चों पर मजबूती से कार्य कर रही है।

जनसंघ से लेकर भाजपा तक का सफर
तीसरे सत्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के इतिहास और विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय विचार और राष्ट्रवादी सोच के आधार पर जनसंघ से लेकर भाजपा तक का सफर तय हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा आज राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत करते हुए आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। चौथे सत्र को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम नारायण दुबे ने पार्टी के वैचारिक अधिष्ठान और संगठनात्मक ढांचे पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा की जड़ें देश की सांस्कृतिक और राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़ी हुई हैं, इसलिए पार्टी को कोई कमजोर नहीं कर सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ता कार्यक्रम में पूर्व सांसद घूरन राम, पूर्व जिलाध्यक्ष शारदा महेश प्रताप देव, रघुराज पांडे, ओमप्रकाश केसरी, ठाकुर प्रसाद महतो, डॉ. ईश्वर सागर चंद्रवंशी, सूरज गुप्ता, अरविंद तूफानी, विनोद चंद्रवंशी, विवेकानंद तिवारी, राजीव रंजन तिवारी सहित भाजपा जिला, प्रखंड एवं मंडल कमेटी के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत मनोज जायसवाल, अनीता गुप्ता, मधुलता कुमारी, मुरारी यादव, जिला महामंत्री जितेंद्र चंद्रवंशी, मुकेश कुमार चौबे, कंचन जायसवाल, गायत्री देवी, पवन कुमार साहू, डॉ. पतंजलि केसरी और धनंजय सिंह ने किया।