द फॉलोअप डेस्क
चैत्र नवरात्र के छठे दिन गढ़वा जिला पूरी तरह भगवामय नजर आ रहा है। सड़कों के किनारे रामभक्तों द्वारा लगाए गए भगवा झंडों से पूरा शहर सनातन संस्कृति के रंग में रंग गया है। वहीं, आज निकलने वाले मंगला जुलूस को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है। रामनवमी पर्व के मद्देनज़र गढ़वा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक तैयारी की है। इसी क्रम में पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में दंगा निरोधी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर परिचारी प्रवर, पुलिस केंद्र गढ़वा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। मॉक ड्रिल के दौरान जवानों ने बलवा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की रणनीतियों का अभ्यास किया। इस दौरान दंगाइयों को नियंत्रित करने, संवेदनशील हालात में त्वरित कार्रवाई करने और आपसी समन्वय बनाए रखने की क्षमता का प्रदर्शन किया गया।

अभ्यास का उद्देश्य जवानों की तत्परता और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने की दक्षता को परखना था। इस अभ्यास में एंबुलेंस को भी शामिल किया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। पुलिस अधिकारियों ने जवानों को निर्देश दिया कि वे रामनवमी के दौरान पूरी तरह अलर्ट रहें, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें और आम नागरिकों के साथ संयमित व्यवहार बनाए रखें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रामनवमी को लेकर अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना को तुरंत नियंत्रित किया जा सके। कुल मिलाकर, गढ़वा जिला रामनवमी के पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
