logo

गढ़वा में मुहर्रम चंदा को लेकर बवाल, महिला ने मारपीट का लगाया आरोप, जांच में जुटी पुलिस 

MERAL_thana_g.jpg

गढ़वा 
गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकुलडीहा गांव में मंगलवार को मुहर्रम के चंदे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट की घटना सामने आई है। घटना में पांचूपाई टोला निवासी फिरोज खान की पत्नी जूही खातून (42) एवं उनके पुत्र फैजान खान (17) घायल हो गए। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता जूही खातून द्वारा मेराल थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार गांव के कुछ लोग मुहर्रम का चंदा मांगने उनके घर पहुंचे थे। उन्होंने स्वेच्छा से एक हजार रुपये चंदा दिया। आरोप है कि इसके बाद उनसे पांच हजार रुपये की मांग की गई। जूही खातून ने बताया कि उस समय उनके पास अतिरिक्त राशि नहीं थी तथा उनके पति भी घर पर मौजूद नहीं थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

सोने की चेन और कान की बाली छीन ली
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि चंदा मांगने आए लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गईं। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र फैजान खान के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह भी घायल हो गया। जूही खातून ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उनके गले से सोने की चेन और कान की बाली छीन ली गई। साथ ही थाना में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। घटना के संबंध में मेराल थाना प्रभारी विष्णुकांत ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस आवेदन के आधार पर जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Muharram Fund Collection Donation Dispute Two Groups Clash Donation Demand Issue