logo

Good News : गढ़वा वासियों को जल्द मिलेगी फोरलेन सड़क की सौगात, 773 करोड़ की लागत से तैयार होगा NH-75 

mitilesh1.jpg

गढ़वाः
गढ़वा वासियों का फोरलेन सड़क का सपना अब जल्द पूरा होगा। खजूरी से विंढमगंज तक एनएच 75 फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। इसकी निविदा प्रकाशित कर दी गई है। निविदा का निष्पादन कर शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस संबंध में गढ़वा विधायक सह पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने गढ़वा डीसी रमेश घोलप को कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया है। मंत्री ने कहा है कि भूमि अधिग्रहण सहित सभी समस्याओं को खत्म करें। मंत्री ने यथाशीघ्र लैंड अवार्ड वितरण करने का भी निर्देश दिया है। ताकि निर्माण कार्य में कोई समस्या उत्पन्न ना हो।


773 करोड़ रुपए लागत से तैयार होगा सड़क 
मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि खजूरी से विंढमगंज तक 40 किलोमीटर सड़क का निर्माण 773 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। इसकी स्वीकृति एनएचआई को प्रदान कर दी गई है। साथ ही निविदा भी प्रकाशित की जा चुकी है। मंत्री ने इस सड़क की स्वीकृति के लिए केंद्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त किया है।  मंत्री ने बताया कि कुल पांच फेज में एनएच 75 फोरलेन का निर्माण किया जाएगा। इसका  पांचवा फेज खजूरी से विंढमगंज तक का है। जबकि चौथा फेज पलामू जिला के शंखा से गढ़वा जिला का खजूरी तक बाईपास सड़क है। चौथा फेज बाईपास में काफी तेज गति से कार्य चल रहा है। 


लोगों को मिलेग फोर लेन की सुविधा 
मंत्री ने कहा कि मार्च 2023 तक बाईपास का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद क्रमशः तीसरा, दूसरा एवं पहले फेज का कार्य किया जाएगा। एनएच 75 फोरलेन का तीसरा फेज में शंखा से भोगु तक, दूसरा फेज में भोगु से उदयपुरा तक तथा पहला फेज में उदयपुरा से  कुड़ू तक सड़क निर्माण शामिल है। मंत्री ठाकुर ने बताया कि गढ़वा पलामू के लोगों का यह काफी चिर प्रतीक्षित मांग था। पलामू प्रमंडल के लोगों का राजधानी से जुड़ने के लिए बेहतर सड़क सपना अब जल्द पूरा होगा । अब गढ़वा जिला के यूपी बॉर्डर विंढमगंज से रांची तक फोरलेन सड़क बन जाने से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। साथ ही राजधानी पहुंचने के लिए समय का भी काफी बचत होगा।