logo

संगठन महामंत्री पवन साय झारखंड प्रदेश BJP मुख्यालय पहुंचे, वरिष्ठ नेताओं संग बैठक की

संगठन महामंत्री पवन साय झारखंड प्रदेश BJP मुख्यालय पहुंचे, वरिष्ठ नेताओं संग बैठक की

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

Jharkhand Bjp News: झारखंड प्रदेश भाजपा के नव नियुक्त संगठन महामंत्री पवन साय शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय रांची पहुंचे। उन्होंने यहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष प्रो आदित्य साहु के अलावा अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। झारखंड की राजनीति और सांगठनिक विषयों पर अनौपचारिक विचार विमर्श किया। संगठन के बारे में जाना। इस बैठक में प्रदेश भाजपा के निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित हुए। पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने साय का फूल-माला के साथ भव्य स्वागत किया। यहां मालूम हो कि 5 अक्टूबर को नव नियुक्त प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल भी रांची आएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री का स्वागत और अभिनंदन करते हुए कहा कि इनको संगठन में काम करने का एक लंबा अनुभव है। नि:संदेह उनके अनुभव का लाभ झारखंड भाजपा को मिलेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड की दशा और दिशा बदलने हेतु इनका मार्गदर्शन मिलेगा और झारखंड हित में इनके साथ कंधा से कंधा मिलाकर लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने झारखंड के निवर्तमान संगठन महामंत्री सह छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त महामंत्री कर्मवीर सिंह को विदाई देते हुए कहा कि इनके मार्गदर्शन में हम सबको काम करने का मौका मिला। 4 साल तक कर्मवीर सिंह ने बड़ी ही आत्मीयता के साथ एक पारिवारिक रिश्ता बनाकर हम सबों के साथ काम किया एवं संगठन को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया। उनके प्रति हम सब कृतज्ञ और आभारी हैं।

2029 के चुनाव पर ध्यान केंद्रित करने को कहा
नवनियुक्त संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप सब इतनी रात में भी स्वागत करने हेतु कार्यालय में डटे रहें, उसके लिए आप सभी को बहुत बहुत धन्यवाद और आभार। उन्होंने कहा कि 2029 के चुनाव और संगठन की मजबूती को ध्यान में रखते हुए काम करना है। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2029 चुनाव को ध्यान में रखते हुए जोरदार नारा लगवाया कि हमरे जितब (हम जीतेंगे)। कहा कि झारखंड़ और छत्तीसगढ़ में बहुत कुछ समानतायें हैं।

संगठन मजबूत होगा तो बनेगी भाजपा सरकार
संगठन महामंत्री पवन साय  ने कहा कि हम सब को संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करना है। कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है कि आज पूरे देश में भाजपा का संगठन एक नंबर पर है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर अच्छा उद्देश्य लेकर संगठन को मजबूत करते हुए आगामी चुनाव में भाजपा की सरकार बनेगी, यह विश्वास सबके दिल में होनी चाहिए, इसी भाव से काम करना है। उन्होंने कहा कि झारखंड़ भोलेबाबा की धरती है, उनका आशीर्वाद तथा आप सबको साथ लेकर हम सब काम करेंगे, यह विश्वास आप सबको दिलाते हैं।

नए संगठन महामंत्री संग सहयोग की अपील की
झारखंड के निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने नवनियुक्त महामंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन के कामों में बोलने की अपेक्षा काम कर दिखाया जाता है। मैंने जो उत्तर-प्रदेश में सीखा, उससे इस प्रदेश में कार्यकर्ताओं के साथ काम करना तथा संगठन में उनकी उपयोगिता के बारे में बहुत कुछ सीखा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को पवन साय के साथ कदम से कदम मिलाकर काम करना है, उनका साथ देना है ताकि झारखंड़ में संगठन और मजबूत हो और 2029 में राज्य में भाजपा की सरकार बन सके। 

Tags - Jharkhand BJP General Secretary Organization Pawan Sai arrived in Ranchi meeting.