गिरिडीह
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद से सोमवार को एक सिरफिरे आशिक का मामला सामने आया, जहां प्रेम प्रसंग से आहत एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान मोतीलदा निवासी संजय रजक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक का एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था और दोनों साथ रह भी रहे थे। युवक का आरोप है कि युवती ने पहले शादी और साथ निभाने का वादा किया था, लेकिन बाद में मुकर गई। जानकारी के अनुसार, युवक ने आरोप लगाया कि युवती ने उसके खिलाफ थाना में प्राथमिकी भी दर्ज करा दी है। इसी बात से आहत होकर संजय रजक सोमवार को मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहीं से इंसाफ की मांग करने लगा। युवक टावर पर चढ़कर मोबाइल के जरिए अपनी बात मां और पुलिस के सामने रखता रहा।

मौके पर जुटी भारी भीड़, मची अफरा-तफरी
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। काफी देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे।

पुलिस युवक को सुरक्षित उतारने में जुटी
सूचना मिलने के बाद बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार युवक को समझाने और शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। फिलहाल पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चाओं का दौर जारी है।