logo

गिरिडीह में बस-कार की जोरदार टक्कर, दो की मौत; शादी से लौट रहा था परिवार

tokar.jpg

द फॉलोअप डेस्क

गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत लाल बाजार के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब पांच बजे उस समय हुआ जब खोरीमहुआ की ओर जा रही सवारी बस और देवघर से बिरनी की ओर जा रही स्विफ्ट कार आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


घायलों को अस्पताल भेजा गया
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और घायलों को कार से निकालकर अस्पताल भेजने में मदद की। सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है, जिसमें वाहन की गति और लापरवाही के पहलुओं को खंगाला जा रहा है।


शादी से लौट रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि बिरनी थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव निवासी जयनारायण राम का परिवार देवघर में एक शादी समारोह से लौट रहा था। इसी दौरान लाल बाजार के पास विपरीत दिशा से आ रही ‘विभा’ नामक बस से उनकी कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में 70 वर्षीय बंगाली हाड़ी और 24 वर्षीय कुमकुम कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुकरी देवी, तारा देवी, रोनित कुमार, जयनारायण और अरविंद यादव घायल हो गए।