गिरिडीह:
गिरिडीह कॉलेज में कथित वित्तीय अनियमितता, भ्रष्टाचार और घोटाले के आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का आंदोलन तेज हो गया है। 15 सितंबर से जारी आंदोलन के तहत शुक्रवार को ABVP के जिला संयोजक नीरज चौधरी और SFS सह संयोजक अनीश राय भूख हड़ताल पर बैठ गए। दोनों ने कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य, बर्सर और प्रोफेसर इन चार्ज के खिलाफ कार्रवाई के साथ मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को विश्वविद्यालय स्तर तक ले जाया जाएगा।

भ्रष्टाचार के आरोपों पर कार्रवाई की मांग
ABVP के प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू ने कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों के साथ-साथ कथित तौर पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी संगठन का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक संगठन अपनी मांगों को लेकर संघर्ष करता रहेगा।
.jpeg)
जांच समिति के गठन पर उठाए सवाल
ABVP के जिला संयोजक नीरज चौधरी ने आरोप लगाया कि संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ साक्ष्य उपलब्ध कराने के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन ने करीब ढाई महीने तक जांच नहीं कराई। उन्होंने कहा कि आंदोलन के बाद जांच समिति का गठन किया गया है, लेकिन यह केवल खानापूर्ति है। नीरज चौधरी ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल उनके पदों से हटाने की मांग की। उनका कहना है कि पद पर रहते हुए जांच प्रभावित होने की आशंका बनी रह सकती है।
.jpeg)
फर्जी हस्ताक्षर और अवैध निकासी के आरोप
वहीं, SFS सह संयोजक अनीश राय ने आरोप लगाया कि कॉलेज में कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर, बैंक के माध्यम से अवैध निकासी और एक ही समय में अलग-अलग स्थानों पर उपस्थिति दिखाने जैसे मामले सामने आए हैं। उन्होंने इन सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अनीश राय ने कहा कि पूरे मामले की जांच पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए, ताकि वास्तविक तथ्यों का पता चल सके।
मांगें पूरी नहीं होने पर हाईकोर्ट जाने की चेतावनी
ABVP ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को विश्वविद्यालय स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। संगठन ने जरूरत पड़ने पर जनहित याचिका के माध्यम से मामले को उच्च न्यायालय ले जाने की भी बात कही है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और विद्यार्थी रहे मौजूद
भूख हड़ताल के दौरान कॉलेज मंत्री कृष पासवान, कृष्णा दास, बिट्टू मोदी, अनिशा कुमारी, वर्षा कुमारी, शशि कुमारी समेत बड़ी संख्या में ABVP कार्यकर्ता और विद्यार्थी मौजूद रहे। संगठन के कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही।