logo

गिरिडीह में हाई वोल्टेज ड्रामा, 33 हजार केवी टावर पर चढ़ा युवक

ूदैाी2.jpg

द फॉलोअफ डेस्क
गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र स्थित खावा पंचायत के परयाना गांव में गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक शराब के नशे में 33 हजार केवी विद्युत टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान 40 वर्षीय पंकज मिश्रा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह करीब 70 फीट ऊंचे टावर पर पहुंच गया था, जबकि बिजली लाइन चालू थी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और किसी बड़े हादसे की आशंका से क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी खावा पंचायत के मुखिया मोहन मंडल ने पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, नशे में होने के कारण वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। इस दौरान पुलिस और ग्रामीण लगातार उसे समझाने में जुटे रहे।


टावर पर चढ़कर करता रहा शराब की मांग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टावर पर चढ़ने के बाद युवक असामान्य व्यवहार कर रहा था और बार-बार शराब की मांग कर रहा था। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राजीव कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान टावर के नीचे लोगों की भीड़ लगी रही और सभी की निगाहें युवक पर टिकी थीं।


पुलिस की सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी
लगातार समझाने और निगरानी के बाद युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतरने लगा और सुरक्षित जमीन पर पहुंच गया। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि युवक शराब के नशे में था और उसकी सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि चालू 33 हजार केवी लाइन वाले टावर पर चढ़ना बेहद खतरनाक था और जरा सी चूक बड़ा हादसा बन सकती थी। पुलिस की तत्परता, संयम और सूझबूझ के कारण एक संभावित अनहोनी टल गई। युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।

 

Tags - Giridih Pachamba Police Electric Tower Rescue Operation Jharkhand