logo

गिरिडीह में झामुमो का भाजपा पर हमला, संजय सिंह बोले- छात्र आंदोलन को राजनीतिक रंग देने की कोशिश

Screenshot_2026-08-11_154548.jpg

गिरिडीह 
गिरिडीह में भाजपा के झारखंड बंद और छात्र आंदोलन को लेकर झामुमो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। गिरिडीह सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने भाजपा पर आंदोलन को राजनीतिक रंग देने और अराजकता फैलाने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
‘छात्रों की 98 प्रतिशत मांगें सरकार ने मानी’
संजय सिंह ने कहा कि छात्र संगठन शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे और सरकार के प्रतिनिधि लगातार छात्रों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने छात्रों की मांगों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 98 प्रतिशत मांगें स्वीकार कर ली थीं।
भाजपा पर आंदोलन को राजनीतिक रंग देने का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद भाजपा ने छात्र आंदोलन को राजनीतिक मुद्दा बनाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, लेकिन उसकी यह साजिश सफल नहीं हो सकी। संजय सिंह ने कहा कि रांची में छात्रों के साथ हुई घटना दुखद है, लेकिन इसके नाम पर राज्य को अस्थिर करने और उपद्रव फैलाने की कोशिश उचित नहीं है।
झारखंड बंद का गिरिडीह में नहीं दिखा खास असर
भाजपा के झारखंड बंद को लेकर उन्होंने दावा किया कि गिरिडीह में बंद का कोई खास असर नहीं दिखा। अधिकांश बाजार खुले रहे और आम जनता तथा व्यापारी वर्ग ने बंद का समर्थन नहीं किया। हालांकि, कुछ निजी विद्यालय जरूर बंद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार सहित झामुमो के अन्य नेता मौजूद रहे।

Tags - JMM BJP Jharkhand Bandh Student Protest Giridih News