logo

गिरिडीह में नदी किनारे मिला 2 दिनों से लापता युवक का शव, 15 दिन पहले ही गुजरात से लौटा था घर

गिरिडीह में नदी किनारे मिला 2 दिनों से लापता युवक का शव, 15 दिन पहले ही गुजरात से लौटा था घर

गिरिडीह: 
गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र में मंगलवार को नदी किनारे 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक पिछले दो दिनों से लापता था। शव पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के चिरैया घाट निवासी दीपक बर्णवाल के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। 

नदी किनारे पड़ा मिला शव
मंगलवार को गांडेय थाना क्षेत्र के झारकट्टा गांव के नीचे टोला के कुछ लोग नदी की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी किनारे पड़े एक शव पर पड़ी। शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल गांडेय थाना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की जांच की। पुलिस को मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन भी मिला। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। शव अस्पताल पहुंचने की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी वहां पहुंच गए।

दो दिन से लापता था दीपक
परिजनों के अनुसार, दीपक बर्णवाल पिछले दो दिनों से लापता था। मृतक के भाई संजय कुमार ने बताया कि दीपक दो दिन पहले घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार को पुलिस के माध्यम से परिवार को नदी किनारे दीपक का शव मिलने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। शव देखते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

15 दिन पहले ही गुजरात से लौटा था
बताया गया है कि दीपक करीब 15 दिन पहले ही गुजरात से अपने घर लौटा था। वह गुजरात में काम करता था। मृतक के पिता प्रभु बर्णवाल वर्तमान में गढ़वा में काम करते हैं।

शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
मृतक के भाई संजय कुमार ने बताया कि दीपक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। इन्हीं निशानों के आधार पर परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, दीपक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और चोट के निशान कैसे आए, इसका स्पष्ट पता अभी नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। पुलिस मोबाइल फोन समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
 

Tags - Giridih News Deepak Barnwal Suspicious Death Gandey News Jharkhand Crime