logo

गिरिडीह नगर थाना पुलिस पर युवक से मारपीट का आरोप, घायल लखन साव अस्पताल में भर्ती

गिरिडीह नगर थाना पुलिस पर युवक से मारपीट का आरोप, घायल लखन साव अस्पताल में भर्ती

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह नगर थाना पुलिस पर 25 वर्षीय युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद घायल युवक लखन साव को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लखन मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झगरी का रहने वाला बताया गया है। लखन साव का आरोप है कि वह ऑर्बिट होटल के पास अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने उसके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि पुलिस उसकी बाइक भी थाना ले गई। बाइक लेने नगर थाना पहुंचे लखन ने थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर दोबारा मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है।


सांसद प्रतिनिधि ने उठाए 
युवक के मुताबिक, कथित मारपीट के बाद वह थाना परिसर में ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची। घटना के बाद उसकी बहन ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


वायरल हुआ वीडियो 
वहीं, घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो थाना परिसर के बाहर से बनाया गया है और इसमें युवक के साथ कथित मारपीट दिखाई दे रही है। हालांकि, द फॉलोअप वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। पुलिस पर लगे गंभीर आरोपों और वायरल वीडियो ने नगर थाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मामले को लेकर फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद उसे भी प्रमुखता से और पूरी निष्पक्षता के साथ खबर में शामिल किया जाएगा। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी।

Tags - Giridih News Giridih Police Nagar Thana Lakhan Saw Police Assault Jharkhand Crime