द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले की साइबर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जामताड़ा के मुख्य सरगना सहित पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से सूचना मिली थी कि गांडेय थाना क्षेत्र के अंतर्गत बगरा रेलवे ओवरब्रिज के पास बालीडीह में कुछ साइबर अपराधी फोन के जरिए ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक गिरिडीह के निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रामेश्वर भगत के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर छापामारी की और वहां से जामताड़ा निवासी मुख्य सरगना अफताब अंसारी सहित पांच साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे आम लोगों को ठगने के लिए उनके मोबाइल पर फर्जी APK फाइल जैसे, SBI Credit Card Update.apk, RTO E-challan.apk, PM Kisan Yojana.apk और YONO SBI Bank.apk भेजते थे। खुद को बैंक अधिकारी बताकर KYC अपडेट या बैंक वेरिफिकेशन के नाम पर लोगों से OTP प्राप्त करते और उनके खातों से रुपये निकाल लेते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों का संबंध देवघर और जामताड़ा जिले के अन्य साइबर गिरोहों से भी है। ठगी से प्राप्त राशि इन गिरोहों द्वारा उपलब्ध कराए गए फर्जी खातों में मंगाई जाती थी, जिसके बाद रकम को आपस में नकद बांट लिया जाता था। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान अफताब अंसारी (मुख्य सरगना, जामताड़ा), परवेज अंसारी (मुख्य सरगना, देवघर), तफाजुल अंसारी, तबरेज अंसारी और नियाज अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 12 मोबाइल फोन (जिनमें तीन आईफोन शामिल हैं) और 15 सिम कार्ड बरामद किए हैं। इस मामले में साइबर थाना गिरिडीह में कांड संख्या 38/2025 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में एएसपी डॉ. विमल कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि साइबर अपराध के मामलों में गिरिडीह पुलिस पूरी तरह सजग है और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध लिंक या ऐप को डाउनलोड न करें और ठगी से संबंधित किसी भी जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
