द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले में अपराध अनुसंधान को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने विशेष इन्वेस्टीगेशन सेल की शुरुआत की है। यह पहल गंभीर और संवेदनशील मामलों की जांच को तेज, वैज्ञानिक और परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
नई व्यवस्था के तहत जिले में दो अलग-अलग जांच इकाइयों का गठन किया गया है। एक टीम गिरिडीह मुख्यालय में कार्य करेगी, जबकि दूसरी टीम खोरीमहुआ अनुमंडल क्षेत्र में तैनात रहेगी। दोनों टीमों में प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है, जो जटिल मामलों के अनुसंधान में स्थानीय थाना पुलिस को सहयोग प्रदान करेंगे।

नई पहल से अपराधियों तक पहुंचने में होगी आसानी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह विशेष सेल हत्या, लूट, संगठित अपराध तथा अन्य महत्वपूर्ण मामलों की जांच में तकनीकी और वैज्ञानिक तरीकों का उपयोग करेगी। जांच प्रक्रिया की निगरानी के लिए डीएसपी स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे अनुसंधान की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। पुलिस विभाग का मानना है कि इस नई पहल से अपराधियों तक पहुंचने में आसानी होगी, साक्ष्य संग्रहण की प्रक्रिया मजबूत होगी और मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी।
इसके साथ ही पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने में भी मदद मिलेगी। जिले में पहली बार गठित इस विशेष जांच इकाई को लेकर लोगों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि इससे पुलिस व्यवस्था पर जनता का विश्वास और मजबूत होगा तथा अपराध नियंत्रण में बेहतर परिणाम सामने आएंगे।